The Lallantop

सूर्या ने दे दिया T20 वर्ल्ड कप जीतने का गजब फॉर्मूला

रोहित देंगे बड़ी क़ुर्बानी?

Advertisement
post-main-image
सूर्यकुमार यादव ने गजब मचा रखा है गाइज (एपी फोटो)

सूर्यकुमार यादव. बेहद स्पेशल प्लेयर. ऐसा नाम जो बीते एक साल से सबकी जुबान पर चढ़ा हुआ है. और ऐसा चढ़ा है कि उतर ही नहीं रहा. लंबे इंतजार के बाद मार्च 2021 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सूर्या का बल्ला लगातार बोल ही रहा है. इंटरनेशनल क्रिकेट की अपनी पहली गेंद को हुक शॉट के जरिए छक्के के लिए उड़ाने वाले सूर्या ने वर्ल्ड क्रिकेट में एक क्रांति सी ला दी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जिसे देखो वही उनके बारे में बात कर रहा है. और ऐसा हो भी क्यों ना, सूर्या की बैटिंग है ही इतनी जबरदस्त. जोफ्रा आर्चर को मारे छक्के से शुरू हुए सूर्या के छोटे से करियर ने तमाम क्रिकेटर्स के पूरे करियर से ज्यादा चर्चा बटोर ली है. 20 नवंबर की भरी दोपहरी में उन्होंने लॉकी फर्ग्युसन की वाइड यॉर्कर के साथ जो किया, वैसे शॉट्स इतने आम हो चुके हैं, कि अब इन पर अचंभा भी नहीं होता.

सूर्या का छोटा सा करियर देखेंगे तो 39 पारियों में उनके नाम 14 पचास या उससे ज्यादा के स्कोर हैं. यानी वह फिफ्टी स्कोर करने के लिए तीन से भी कम पारियां ले रहे हैं. और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ आई उनकी लेटेस्ट वाली सेंचुरी के बाद एक गजब ख्याल आया. क्या है वो ख्याल? चलिए देख लेते हैं.

Advertisement
# Suryakumar Yadav @ 3

विराट कोहली. निर्विवाद रूप से बीते दशक के बेस्ट क्रिकेटर. और ये वाली बात तो ICC भी मानती है. कोहली का ये ऐतिहासिक करियर बना है नंबर तीन पर बैटिंग कर के. और इससे पहले कि आप सोचें कि मैं एंटी विराट जा रहा हूं, मेरी रिक्वेस्ट है कि आप ठहरिए. आगे तो सुन लीजिए. सूर्यकुमार यादव का करियर देखेंगे तो वह 35-40 गेंदों में 60-70 रन कूट देते हैं.

और उसके साथ सबसे सही बात ये है कि उन्हें सेट होने के लिए एक भी गेंद नहीं चाहिए. वह ऑलरेडी सेट होकर ही आते हैं. और आने के साथ ही काम शुरू कर देते हैं. और इस काम में उनकी कंसिस्टेंसी को देखते हुए हर टीम यही चाहेगी कि सूर्या भाऊ ज्यादा से ज्यादा गेंदें खेलें. और ऐसा करने के लिए उन्हें बैटिंग ऑर्डर में ऊपर लाना ही होगा.

वैसे अभी कुछ लोग यह भी कह सकते हैं कि हमारा टॉप ऑर्डर वैसे भी कहां ज्यादा गेंदें खेलता है. ऑन पेपर भले राहुल-रोहित ओपन करते हों, लेकिन असल ओपनिंग तो विराट और सूर्या ही करते हैं. और इन लोगों की इस बात से थोड़ा सहमत होते हुए हम विराट से ओपनिंग कराने के पक्ष में हैं.

Advertisement

अब विराट ओपन करेंगे तो उनके साथ कौन होगा? हमारे हिसाब से संजू सैमसन. एकदम क्लीन हिटिंग और गज़ब का इंटेंट. संजू और विराट की जोड़ी शुरू में ही टेम्पो सेट कर देगी. जिसके बाद सूर्या भाऊ आराम से गदर काट सकते हैं. और उनके बाद नंबर चार पर उतार लीजिए ऋषभ पंत को. वैसे तो पंत का ओवरऑल T20I रिकॉर्ड बहुत सुंदर नहीं है. लेकिन उनके तीन में से दो पचासे नंबर चार पर ही आए हैं. और उम्र देखते हुए अगर आप उन्हें बैक कर रहे हैं, तो नंबर चार पर लाइए.

इसके बाद नंबर पांच दीजिए केएल राहुल को. वैसे तो T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में राहुल नंबर चार से नीचे खेले नहीं हैं. लेकिन चार नंबर पर उनके आंकड़े इतने जबरदस्त हैं कि उम्मीद की जा सकती है कि वह पांच पर भी विस्फोट कर देंगे. या आप चाहें तो चार और पांच आपस में एक्सचेंज भी कर सकते हैं. पंत नंबर पांच और राहुल चार.

नंबर चार पर राहुल चार पारियों में दो बार नाबाद लौटे हैं. यहां उन्होंने एक शतक लगाया है. और इस नंबर पर राहुल का ऐवरेज 87 और स्ट्राइक रेट 175 से ज्यादा का है. इसके बाद उतार दीजिए हार्दिक पंड्या को. छह नंबर हार्दिक के लिए परफेक्ट बैठेगा. वैसे तो उनका बेस्ट भी चार या पांच पर आता है. लेकिन हार्दिक आसानी से फ्लोट कर लेते हैं.

उन्होंने नंबर तीन से लेकर सात तक बैटिंग की है. और वह जिस तरह की हिटिंग आजकल कर रहे हैं, यहां आकर बोलर्स को कूटना उनके लिए बहुत आसान होगा. इसके बाद आ जाएंगे रविंद्र जडेजा. चार टकाटक ओवर. गन फील्डर और चाबुक जैसा बल्ला. मामला सेट. सात नंबर तक हुई आपके पास बैटिंग. और इसी में आ गए दो बोलिंग ऑप्शन.

# T20I के बोलर्स

अब नंबर बोलर्स का. जसप्रीत बुमराह तो आपकी टीम में वॉक इन कर ही रहे हैं. और बोलिंग यूनिट को लीड भी वही करेंगे. इनके साथ दो और पेसर्स के रूप में रखिए उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह को. उमरान को सही गाइडेंस मिली तो वह आग उगल सकते हैं. उनके पास एक्सप्रेस पेस है. और पेस के आगे सबको दिक्कत होती ही है.

बस अब वो गेंद के साथ थोड़ी कलाकारी करनी सीख लें और कुछ वेरिएशंस पकड़ लें, तो वह बहुत काम के साबित हो सकते हैं. और अर्शदीप के बारे में क्या ही कहना. वह तो आपकी नज़र में ही T20 फॉर्मेट से आए हैं. शुरुआत में स्विंग और डेथ ओवर्स में गजब वेरिएशंस. कमाल के बोलर हैं अर्शदीप. और अनुभव के साथ यह और खतरनाक भी हो ही जाएंगे.

पेस बोलिंग हुई सेट. अब नंबर स्पिनर का. जो आप ज्यादातर वक्त एक ही रखेंगे. क्योंकि आपके पास रविंद्र जडेजा हैं. और अगर आपको इस फॉर्मेट में सिर्फ एक स्पिनर के साथ जाना है, तो वह स्पिनर हर बार युज़वेंद्र चहल होने चाहिए. क्योंकि वो आपको विकेट्स की गारंटी देते हैं. और ये उन्होंने दुनियाभर के छोटे से बड़े मैदानों तक में दिखाया है.

और क्रिकेट के इस फॉर्मेट में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का भी स्ट्राइक रेट बहुत मायने रखता है. और इस मामले में चहल आपके पास मौजूद बाकी ऑप्शंस से बहुत आगे हैं. ना सिर्फ स्ट्राइक रेट में, बल्कि उनके साथ टीम द्वारा लिए गए कुल विकेट्स में चहल के खाते में 19.29 परसेंट विकेट्स आए हैं. यानी गिरने वाले हर 100 में से 19 से ज्यादा विकेट अकेले चहल ले जाते थे.

अब जाते-जाते एक बाद आपको अपनी पूरी टीम बता देते हैं. क्योंकि हो सकता है कि इतना लंबा पढ़ते-सुनते आपका हिसाब गड़बड़ा गया हो. तो ऐसे में ये रही टीम. और ये टीम आपको कैसी लगी और इसमें आप क्या बदलाव देखना चाहते हैं. कमेंट्स में जरूर बताएं. और हां, इस टीम के सच होने के लिए रोहित शर्मा को बड़ा बलिदान देना होगा. जैसे 2007 में हमारी त्रिमूर्ति ने दिया था.

T20 वर्ल्ड कप 2024 की हमारी टीम इंडिया

संजू सैमसन
विराट कोहली
सूर्यकुमार यादव
ऋषभ पंत
केएल राहुल
हार्दिक पंड्या
रविंद्र जडेजा
अर्शदीप सिंह
उमरान मलिक
जसप्रीत बुमराह
युज़वेंद्र चहल

प्लेइंग इलेवन से बाहर हुए तो मैदान पर फ़ैन्स बोले, संजू-संजू

Advertisement