The Lallantop

पिछली बार प्यार से समझाया था, इस बार गिल को डांट देंगे युवी?

शुभमन गिल ने फिर वही हरकत की.

Advertisement
post-main-image
बाईं तस्वीर ऑस्ट्रेलिया-ए और इंडियंस के बीच प्रैक्टिस मैच की है, जिसमें शुभमन गिल जेब में हाथ डाले खड़े हैं. दाईं ओर की तस्वीर इंडिया-ऑस्ट्रेलिया तीसरे वनडे की है, जिसके बाद युवराज ने गिल को जेब में हाथ डालने के लिए टोका था. (फोटो- Social Media)
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा करीब-करीब आधा निपट चुका है. वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से जीती थी और अब टी20 सीरीज भारत ने 2-1 से जीती है. अब 17 दिसंबर से दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज खेली जानी है. लेकिन इन सबके बीच भारत के एक युवा खिलाड़ी को एक पुराने दिग्गज से कड़ी डांट पड़ सकती है. ये युवा खिलाड़ी हैं शुभमन गिल और जिनसे डांट पड़ सकती है, वो हैं युवराज सिंह.
पूरा वाकया समझने के लिए थोड़ा पीछे चलना पड़ेगा. भारत-ऑस्ट्रेलिया तीसरे वनडे तक. भारत ने मैच जीता था और उस मैच में शुभमन गिल को भी खेलने का मौका मिला था. गिल ने 39 गेंद पर 33 रन बनाए थे. जीत के बाद गिल ने मैच की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कीं. एक तस्वीर में वो विराट कोहली के साथ क्रीज पर खड़े हैं, दूसरे में टीम के साथ हडल में खड़े हैं. टीम हडल वाली तस्वीर में शुभमन के हाथ जेब में थे. इसी फोटो पर युवराज सिंह ने कमेंट किया और युवा खिलाड़ी को टीम इंडिया के लिए खेलने का मतलब समझाने लगे. युवराज ने लिखा-
“विराट कोहली जैसे महान के साथ बल्लेबाजी करना गर्व की बात है, लेकिन महाराज, जेब से हाथ निकालो. ये इंडिया का मैच चल रहा है, किसी क्लब का नहीं.”
हालांकि उस वक्त युवराज का ये कमेंट मज़ाकिया अंदाज़ में था. क्योंकि कमेंट के साथ उन्होंने हंसने वाला इमोजी भी लगाया था. लेकिन अब गिल को युवराज से डांट पड़ सकती है, क्योंकि उन्होंने यही ग़लती दोहरा दी है. ये पोस्ट देखिए. ये पोस्ट BCCI ने किया है. ऑस्ट्रेलिया-ए और इंडियंस के बीच प्रैक्टिस मैच के दौरान की फोटोज़ हैं. इन तस्वीरों में फिर से शुभमन गिल जेब में हाथ डाले खड़े हैं. अब शुभमन गिल तो यही चाहेंगे कि युवराज सिंह की इन तस्वीरों पर नज़र न पड़े. वरना उन्हें इस बार फटकार भी लग सकती है.
21 साल के शुभमन गिल ने भारत के लिए 2019 में वनडे डेब्यू किया था. उन्होंने अभी तीन वनडे मैच खेले हैं. तीन पारियों में 49 रन बनाए हैं. इससे अलावा 22 फर्स्ट क्लास मैचों में गिल ने 69.74 की औसत से 2162 रन बनाए हैं, जिसमें सात शतक भी शामिल हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement