ODI World Cup 2023 खत्म हो चुका है. और इसके खत्म होते ही T20 World Cup 2024 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. वनडे वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ पांच मैच की T20I सीरीज़ खेल रही है. इस सीरीज़ में BCCI ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में युवा टीम उतारी है. और इन सबके बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली के T20I भविष्य पर कयास लगने शुरू हो गए हैं.
रोहित अगर चाहेंगे तो... हिटमैन के फ़्यूचर पर ये दावा फ़ैन्स को खुश कर देगा!
आशीष नेहरा के मुताबिक, Rohit Sharma-Virat Kohli को T20I से बाहर नहीं कर सकते. यंगस्टर्स को जगह बनाने के लिए इनसे लड़ना होगा.


दावा किया जा रहा है कि रोहित और विराट अब T20I नहीं खेलेंगे. लेकिन पूर्व पेसर आशीष नेहरा की सोच अलग है. नेहरा का कहना है कि जब तक विराट-रोहित रिटायर नहीं होते, युवाओं को अपनी जगह के लिए उनसे लड़ना होगा. जियो सिनेमा पर बात करते हुए नेहरा ने कहा कि उम्र का कोई अर्थ नहीं है. मायने ये रखता है कि प्लेयर कितने रन स्कोर कर रहा है.
नेहरा ने ये भी कहा कि यंगस्टर्स को T20 वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने के लिए, खुद को प्रूव करना होगा. नेहरा बोले,
'उम्र कोई क्राइटीरिया नहीं है. मायने ये रखता है कि आप कितने रन स्कोर कर रहे हैं. हमने यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल की बात की. लेकिन अगर रोहित खेलना चाहते हैं, इन लोगों को उनसे मुक़ाबला करना होगा. वह 36 साल के सुपर-फ़िट, निडर बंदे हैं. जब हम विराट कोहली और रोहित शर्मा के बारे में बात करते हैं, फिर से कहूंगा- वर्ल्ड कप बहुत दूर है. अगर वो खेलना चाहते हैं और रन बना रहे हैं. यंगस्टर्स को XI में जगह बनाने के लिए उन्हें हराना होगा.'
नेहरा ने ये भी कहा कि वनडे वर्ल्ड कप की हार से आने वाले T20 वर्ल्ड कप पर असर नहीं पड़ना चाहिए. नेहरा बोले,
'वनडे वर्ल्ड कप की हार का असर नहीं पड़ना चाहिए. सबसे जरूरी बात है कि ये दोनों कैसे सोचते हैं. विराट कोहली IPL में रन बना रहे हैं, रोहित शर्मा परफ़ॉर्म कर रहे हैं. कोई भी सेलेक्टर इससे उत्साहित होगा और अगर ये अपनी रिटायरमेंट ना अनाउंस कर दें तो, वो चर्चा करेंगे ही. मैं उम्मीद करता हूं कि निकट भविष्य में ऐसा ना हो, ये रिटायर होने का फैसला ना कर लें.'
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा के साथ ये क्या करने जा रहे हैं मुंबई इंडियंस!
इससे पहले गौतम गंभीर ने भी रोहित के T20I भविष्य पर बात की थी. गंभीर चाहते हैं कि रोहित और विराट T20 वर्ल्ड कप का हिस्सा बनें. विराट और रोहित लंबे वक्त से भारत के लिए ये फ़ॉर्मेट नहीं खेले हैं. दोनों आखिरी बार T20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफ़ाइनल में भारत के लिए खेले थे.
इसी के बाद से हार्दिक पंड्या को इस फ़ॉर्मेट की कप्तानी सौंप दी गई थी. ऑफ़िशली इन दोनों के ना खेलने पर कभी कोई बयान नहीं आया. लेकिन ऐसी उम्मीदें जताई जा रही हैं कि ये दोनों अब T20I नहीं खेलेंगे. इस मामले पर बात करते हुए गंभीर ने स्पोर्ट्स कीड़ा से कहा था,
'दोनों को टीम में रखना ही होगा. लेकिन ज्यादा जरूरी ये है कि मैं T20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा को कप्तान के रूप में देखना चाहता हूं. हां, हार्दिक इस फ़ॉर्मेट में कप्तानी कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद मैं रोहित को वर्ल्ड कप में कप्तानी करते देखना चाहूंगा.
रोहित शर्मा को सिर्फ़ बल्लेबाज के रूप में मत लीजिए. रोहित एक कमाल के लीडर हैं, उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में अपनी लीडरशिप और बैटिंग से ये प्रूव किया है. अगर आप रोहित को चुन रहे हैं, जो कि आपको करना ही चाहिए, तो आप उन्हें उस कप्तान के रूप में चुनिए, जो बैटिंग कर सकता है. और विराट भी ऑटोमैटिक चॉइस होने चाहिए.'
यह भी पढ़ें: रोहित को ना सिर्फ़ चुनें बल्कि... गौती ने बताया वर्ल्ड कप का ऐसा प्लान!
रोहित के भविष्य पर चल रही तमाम चर्चाओं में एक और चीज शामिल हो गई है. रिपोर्ट्स हैं कि मुंबई इंडियंस उन्हें रिलीज़ करने के चक्कर में है. दावा है कि मुंबई वाले रोहित के बदले हार्दिक को लाना चाहते हैं.
वीडियो: रोहित शर्मा के T20 करियर पर गौतम गंभीर की बात सुनी?






















