रिंकू सिंह. इंडिया के नए-नए बैटिंग सेंसेशन. हैरी ब्रूक, इंग्लैंड की नई बैटिंग सनसनी. इन दोनों सुपरस्टार्स की पहली टक्कर में ब्रूक की टीम SRH ने बाजी मार ली. ईडन गार्डन्स में हुए IPL2023 के मुकाबले में SRH ने KKR को 23 रन से हराया.
रिंकू-राणा ने बहुत मारा, लेकिन कोलकाता को जिता नहीं पाए
ताबड़तोड़ पचासों पर भारी पड़ी ब्रूक की सेंचुरी


KKR ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था. हैरी ब्रूक ने नीतीश राणा के इस फैसले को गलत साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. ब्रूक ने सिर्फ 55 गेंदों पर IPL2023 की पहली सेंचुरी जड़ दी.
जबकि कप्तान ऐडन मार्करम ने सिर्फ 26 गेंदों पर 50 रन बनाए और अभिषेक शर्मा ने 17 गेंदों पर 32 रन जोड़े. इनके अलावा हेनरिख क्लासन ने छह गेंदों पर 16 रन का योगदान दिया. SRH ने अपने 20 ओवर्स में चार विकेट खोकर 228 रन बनाए. KKR के लिए आंद्रे रसल ने सबसे ज्यादा तीन विकेट निकाले.
जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर्स में सात विकेट खोकर 205 रन ही बना पाई. इस जीत के बाद शतकवीर ब्रूक ने कहा,
‘यह खास रात थी. टेंशन हुई, लेकिन जीती टीम की ओर रहना अच्छा है. मैं खुश हूं कि टीम मुझसे जो चाहती है, वो कर पाया. यह मेरी बेस्ट परफॉर्मेंसेज में से एक है. मुझे लगता है कि कुछ गेम्स के बाद मैं खुद पर प्रेशर डाल रहा था. आप सोशल मीडिया पर जाते हैं, वहां लोग बकवास कर रहे होते हैं. मैं बस ‘परवाह नहीं’ वाले मोड में गया और ये पारी आ गई. ’
कप्तान मार्करम ने भी मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात की. उन्होंने बोलर्स और ब्रूक की तारीफ़ करते हुए कहा,
‘बोलर्स को सलाम है, बहुत करेज़ और कैरेक्टर दिखाया गया. भाग्यशाली हैं कि शुरुआत अच्छी हुई. हम सभी को हैरी का टैलेंट पता है, उन्होंने पावरप्ले में अच्छे क्रिकेटिंग शॉट्स लगाए. भुवी मिस्टर भरोसेमंद हैं. बोलर्स के लिए यह कठिन विकेट था. शांत रहने के लिए तारीफ़ बनती है. ये कमाल के प्लेयर्स हैं. काफी एरियाज पर काम करना बाक़ी है. एक टीम के रूप इम्प्रूव करना अच्छा है, उम्मीद है कि हम ये मोमेंटम बरक़रार रख पाएंगे.’
बात कोलकाता की चेज की करें, तो इस मैच में उनकी शुरुआत ठीक नहीं हुई. रहमानुल्लाह गुरबाज़ बिना खाता खोले आउट हो गए. वेंकटेश अय्यर ने 10 रन बनाए जबकि नरेन का भी खाता नहीं खुला. नारायण जगदीशन ने 21 गेंदों पर 36 रन बनाए. जबकि आंद्रे रसल सिर्फ़ तीन रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद नीतीश राणा और रिंकू सिंह ने बेहतरीन पार्टनरशिप की. लेकिन ये टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं थी. राणा ने 41 गेंदों पर 75 रन बनाए. जबकि रिंकू ने 31 गेंदों पर 58 रन बनाए.
रिंकू ने अपनी पारी में चार छक्के और चार चौके जड़े. वह अंत तक नाबाद भी रहे. लेकिन इस बार मैच फिनिश नहीं कर पाए.
वीडियो: रिंकू सिंह इंटरव्यू में बताया शाहरूख खान का फोन आया तो क्या बात हुई?






















