दरअसल वीवीएस लक्ष्मण ने टी20 विश्वकप के लिए जिन 15 खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ बताया है. उनमें एमएस धोनी और शिखर धवन का नाम शामिल नहीं है. वीवीएस ने अपनी टीम में बतौर विकेटकीपर रिषभ पंत को चुना है. जबकि बतौर ओपनर वो रोहित शर्मा के साथ केएल राहुल को देखना चाहते हैं.
लक्ष्मण ने धोनी और धवन को क्यों रखा बाहर:
टीम इंडिया के दो प्रमुख बल्लेबाज़ों में से एक एमएस धोनी भारतीय वनडे टीम में 10 जुलाई, 2019 के बाद से नहीं दिखे हैं. जबकि धवन की चोट के बाद श्रीलंका के खिलाफ सीरीज़ में वापसी हुई है. लेकिन श्रीलंका के खिलाफ इकलौते मैच में धवन का बल्ला उस तेज़ी से नहीं चला. जिसकी ज़रूरत एक टी20 मुकाबले में होती है.

भारतीय टीम के बल्लेबाज़ शिखर धवन और एमएस धोनी. फोटो: BCCI
एमएस धोनी के भविष्य को लेकर न तो चयनकर्ता और न ही खुद धोनी कुछ बोलने को तैयार हैं. ऐसे में रिषभ पंत ही टीम में बतौर विकेटकीपर मौजूद हैं. हालांकि संजू सैमसन को एक के बाद एक तीन सीरीज़ में टीम में रखा गया है लेकिन उन्हें एक बार भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिला. रिषभ पंत को लगातार टीम मैनेजमेंट भी जिस तरह से मौके दे रहा है, उससे ये साफ है कि पंत ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट में चढ़ने वाले फर्स्ट-च्वॉइस विकटकीपर होंगे.
वहीं बात करें शिखर धवन की गैर-हाजिरी की तो राहुल ने जिस कमाल का प्रदर्शन किया. उससे रोहित के साथ वो ही पारी की शुरुआत करते दिखते हैं.
लक्ष्मण की टीम में इस खिलाड़ियों का होगा ये रोल:
लक्ष्मण की टीम में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ों में कप्तान विराट कोहली के अलावा श्रेयस अय्यर और मनीष पांडे को जगह दी है. वहीं बतौर ऑल-राउंडर उन्होंने हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और रविन्द्र जडेजा को टीम में रखा है. तेज़ गेंदबाज़ी का जिम्मा उन्होंने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, दीपक चाहर और भुवनेश्वर कुमार को दिया है. वहीं स्पिन अटैक में उन्होंने सिर्फ युजवेन्द्र चहल और कुलदीप यादव को रखा है.
इस टीम में से सिर्फ हार्दिक पंड्या और भुवनेश्वर कुमार ही भारतीय टीम से चोट की वजह से बाहर हैं. जबकि टीम में ज्यादातर वो खिलाड़ी हैं जो नियमित सदस्य हैं. पंड्या की सफल सर्जरी के बाद न्यूज़ीलैंड दौरे तक उनकी वापसी की उम्मीद है. वहीं भुवनेश्वर कुमार की चोट भी ज्यादा गंभीर नहीं है.
गुवाहाटी के इस लड़के का गिफ्ट साथ ले जाने से विराट कोहली ने मना क्यों किया?
























