The Lallantop

बोल्ट-नीशम के बाद न्यूजीलैंड के इस दिग्गज प्लेयर ने भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को कहा, 'टाटा बाय-बाय'

एक के बाद एक कई खिलाड़ी बना रहे सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से दूरी.

Advertisement
post-main-image
न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम (File)

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम में फिलहाल सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. एक के बाद एक बड़े खिलाड़ी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से दूरी बना रहे हैं. जिसमें नया नाम जुड़ गया है टीम के दिग्गज खिलाड़ी मार्टिन गप्टिल (Martin Guptill) का. ओपनर बैटर ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट बोर्ड का कॉन्ट्रैक्ट छोड़ने की पेशकश की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया. न्यूज़ीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है.

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने गप्टिल को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से रिलीज किए जाने को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है. बोर्ड ने एक बयान जारी कर कहा,

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

‘न्यूज़ीलैंड क्रिकेट से बातचीत के बाद मार्टिन गप्टिल को रिलीज करने की रिक्वेस्ट को मान लिया गया है. न्यूज़ीलैंड बोर्ड ने उन्हें स्पष्ट बता दिया है कि वो सेलेक्शन के योग्य रहेंगे, लेकिन प्राथमिकता उन प्लेयर्स को दी जाएगी जिनके पास सेंट्रल या डोमेस्टिक कॉन्ट्रैक्ट है. सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में गप्टिल की जगह लेने वाले खिलाड़ी का ऐलान जल्द ही किया जाएगा.’

 अपना कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने के बाद गप्टिल ने न्यूज़ीलैंड टीम और बोर्ड को सपोर्ट के लिए धन्यवाद कहा. उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट से कहा,

Advertisement

‘अपने देश के लिए खेलना काफी सम्मान की बात रही है . न्यूज़ीलैंड टीम और बोर्ड द्वारा सपोर्ट के लिए मैं उनका आभारी हूं. मैंने बहुत सोच-समझकर ही ये फैसला लिया है. रिलीज किए जाने के बावजूद मैं न्यूज़ीलैंड की तरफ से खेलने के लिए उपलब्ध हूं. मेरे पास अन्य मौकों को भी एक्सप्लोर करने का मौका है. मुझे अब अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका मिलेगा, जो काफी जरूरी है.’

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट बोर्ड के CEO डेविड व्हाइट के मुताबिक गप्टिल ने करियर में अपनी शर्तों पर खेलने का अधिकार अर्जित किया है. उन्होंने कहा,

‘हम टीम के लिए मार्टिन गप्टिल के महत्व को समझते हैं. वो लंबे समय से व्हाइट बॉल क्रिकेट के दिग्गज रहे हैं. गप्टिल ब्लैक कैप्स के एक प्रतिबद्ध और सम्मानित सदस्य हैं और उन्होंने अपने करियर में अपनी शर्तों पर खेलने का अधिकार अर्जित किया है. उम्मीद है कि कॉन्ट्रैक्ट से अलग होने के बाद वो कुछ अलग दूसरी संभावनाएं तलाशेंगे. हमारी शुभकामनाएं उनके साथ है.’

Advertisement

कुछ समय पहले ही दुनिया के नंबर-1 ODI बोलर ट्रेंट बोल्ट ने खुद को कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर रखने का फैसला किया था. उन्होंने अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताने और दुनिया भर की T20 लीग्स खेलने के लिए ये फैसला लिया. वहीं कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने BBL ड्राफ्ट में सेलेक्ट होने के तुरंत बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. जबकि ऑलराउंडर जिमी नीशम ने T20 लीग्स में खेलने की खेलने की वजह से कॉन्ट्रैक्ट से दूरी बना ली थी.

मार्टिन गप्टिल के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो 47 टेस्ट में उन्होंने 29.38 की औसत से 2586 रन बनाए. वहीं 198 वनडे मुकाबलों में उनके नाम 41.73 की औसत से 7346 रन हैं. उनका बेस्ट स्कोर 237 रन है, जो उन्होंने साल 2015 के वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए थे. ये विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है. वहीं उनके नाम 122 T20I में 31.81 की औसत से 3531 रन हैं. वो इस फॉर्मेट में कीवी टीम के टॉप स्कोरर भी हैं.

हार्दिक ने किवी टीम को हराने के बाद क्या बात बोल दी?

Advertisement