The Lallantop

PSL में हुई बॉल टेंपरिंग, शाहीन अफरीदी बोले मुझे कुछ नहीं पता

अंपायरों ने लाहौर कलंदर्स को 5 रनों की पेनल्टी दी. जिसके बाद टीम ये मैच भी हार गई.

Advertisement
post-main-image
क्रिकेट के नियमों में अगर बॉल टेंपरिंग साबित होती है तो 5 रन की पेनल्टी दी जाती है. (फोटो- X)

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में बॉल टेंपरिंग हो गई है. लीग में खेलने वाली लाहौर कलंदर्स की टीम पर बॉल टेंपरिंग का आरोप लगा. इसके लिए टीम को 5 रनों की पेनल्टी भी दी गई. बाद में लाहौर की टीम मैच भी हार गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बॉल टेंपरिंग का ये मामला लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए 6वें मैच में सामने आया. मैच लाहौर में खेला जा रहा था. दूसरी पारी के 19वें ओवर के बाद कराची किंग्स को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे. आखिरी ओवर हारिस रऊफ को कराना था.

तभी लाहौर के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और फखर जमान बॉलर के रन-अप के पास इकट्ठा हो गए. तीनों खिलाड़ियों ने बारी-बारी से गेंद को हाथ में लिया. अंपायर फैसल अफरीदी ने ये सब देख लिया. उन्होंने तुरंत गेंद मांगी, और उसे देखा. स्क्वायर लेग अंपायर शर्फुद्दौला से चर्चा के बाद अंपायरों ने ये स्पष्ट किया कि बॉल टेंपरिंग हुई है.

Advertisement

अंपायरों ने लाहौर कलंदर्स को 5 रनों की पेनल्टी दी. साथ ही पुरानी गेंद बदलकर नई गेंद दे दी गई. इसके बाद कराची को जीत के लिए सिर्फ 9 रन ही बनाने थे. और टीम ने 3 गेंद रहते 4 विकेट से मैच जीत लिया.

कराची की टीम 129 रन के टारगेट का पीछा कर रही थी. टीम ने 6 विकेट पर 131 रन बनाकर ये मैच अपने नाम कर लिया.

Advertisement

शाहीन अफरीदी अंपायरों के इस फैसले से काफी नाराज नजर आए. मैच के बाद प्रेजेंटेशन में उन्होंने कहा कि उन्हें पेनल्टी का सही कारण समझ नहीं आया. उन्होंने कहा,

"हम देखेंगे कि अंपायर क्या कहते हैं."

क्रिकेट के नियमों में अगर बॉल टेंपरिंग साबित होती है तो 5 रन की पेनल्टी दी जाती है. साथ ही बॉल को बदला भी जाता है. मैच में किसी खिलाड़ी पर अलग से जुर्माना या सस्पेंशन नहीं लगाया गया. इस मामले पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की तरफ से भी कोई बयान नहीं आया है.

बॉल टेंपरिंग से बॉलर्स को मैच के दौरान काफी मदद मिल सकती है. गेंद की एक तरफ चमकाकर और दूसरी तरफ खुरदुरा रखने से स्विंग ज्यादा होती है. इंटरनेशनल क्रिकेट में भी कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं, जैसे ऑस्ट्रेलिया का सैंडपेपर स्कैंडल. लेकिन PSL का ये मामला काफी चर्चा में है. देखना होगा कि PCB क्या कार्रवाई करता है.

वीडियो: अरे, ये क्या हुआ? PSL के पहले ही मैच सफेद से गुलाबी हुई बॉल?

Advertisement