The Lallantop

बुमराह को ऐसे यूज कर टीम इंडिया का भला कर सकती है BCCI

बिशप ने दी बुमराह पर सलाह.

Advertisement
post-main-image
जसप्रीत बुमराह लंबे वक्त से बाहर हैं (पीटीआई)

जसप्रीत बुमराह. अपनी फिटनेस को लेकर खूब चर्चा में हैं. बुमराह लंबे वक्त से चोट के चलते टीम इंडिया से दूर हैं. और वेस्ट इंडीज़ के पूर्व पेसर इयन बिशप का मानना है कि उन्हें अपना वर्कलोड और बेहतर तरीके से मैनेज करना होगा. बुमराह पर बात करते हुए बिशप ने कहा कि उन्हें कुछ मैच और टूर से आराम करने की परमिशन मिलनी चाहिए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बुमराह सितंबर 2022 में आखिरी बार भारत के लिए खेले थे. T20 वर्ल्ड कप से बाहर बैठने वाले बुमराह IPL2023 भी मिस कर सकते हैं. वेस्ट इंडीज़ के लिए 43 टेस्ट और 84 वनडे खेल चुके बिशप ने कहा कि बुमराह देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं. इसलिए उनका वर्कलोड कायदे से मैनेज किया जाना चाहिए. बिशप ने एक इंटरव्यू में कहा,

'जसप्रीत बुमराह अपने बेस्ट पर होते हैं तो वह अलग ही दिखते हैं. और आप चाहते हैं कि वो अपने बेस्ट पर ही रहें. वह एक मैच-विनर और अंतर पैदा करने वाले प्लेयर हैं. भारत की सफलता में उनकी फिटनेस का अहम रोल होता है. अगर आप उन्हें लंबे वक्त तक इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आपको उन्हें कुछ मैच और कुछ टूर मिस करने की इजाजत देनी चाहिए.'

Advertisement

हाल के सालों में शेड्यूल को लेकर बहुत सी शिकायतें रही हैं. और बिशप का मानना है कि बुमराह को ऑस्ट्रेलिया के मिचल स्टार्क से प्रेरणा लेनी चाहिए. बिशप बोले,

'कोई भी बोलर सारे फॉर्मेट्स लगातार नहीं खेल सकता. मैंने दो फॉर्मेट्स खेले और मेरी पीठ में समस्या हो गई. फ़ैन्स के लिए दुख की बात है, लेकिन आपको हर प्लेयर के लिए जरूरी कॉन्टेस्ट का चुनाव करना होगा. आपके पास जसप्रीत बुमराह, जोफ्रा आर्चर और मिचल स्टार्क हैं. स्टार्क एक अच्छे उदाहरण हैं.

वह छुट्टियां लेते हैं, टूर्नामेंट्स से दूर रहते हैं. उन्हें आराम दिया जाता है जिससे वह अपनी स्पीड मेंटेन रख सकें. अगर इन जैसे बोलर्स के पास अपनी प्राइम स्पेल्स वाली स्पीड नहीं रहेगी, तो वह बाकी बोलर्स जैसे ही हो जाएंगे.'

बता दें कि स्टार्क सालों से IPL में नहीं खेले हैं. वह देश के लिए कमिटमेंट का हवाला देकर फ्रैंचाइज़ लीग्स खेलने से बचते हैं. वहीं दूसरी ओर बुमराह ने सालों से IPL का एक भी मैच नहीं मिस किया था. जबकि भारत के लिए वह कई अहम टूर्नामेंट्स से बाहर रह चुके हैं. रिपोर्ट्स हैं कि इस बार IPL के दौरान बुमराह को ब्रेक दिया जाएगा. देखने वाली बात होगी कि इन रिपोर्ट्स में कितनी सच्चाई है. और मुंबई इंडियंस अपने प्राइम बोलर को कितना रेस्ट दे पाती है.

Advertisement

वीडियो: Eng Vs NZ जैसा मैच टीम इंडिया ने भी खेला है

Advertisement