The Lallantop

रोहित शर्मा RCB से हार के बाद जो बोले, बुमराह को अच्छा नहीं लगेगा!

ये सुन बुमराह फिटनेस पर और मेहनत करने लगेंगे.

Advertisement
post-main-image
रोहित शर्मा अपनी टीम से नाराज़ हैं (स्क्रीनग्रैब)

चिन्नास्वामी का मैदान. विराट कोहली की टीम. मैच आसान नहीं होता. मुंबई को जल्दी ही ये पता भी चल गया. टॉस जीतकर RCB ने मुंबई को पहले बैटिंग के लिए बुलाया. ओपनर्स रोहित शर्मा और ईशान किशन स्ट्रगल ही करते रह गए. तिलक वर्मा ने अकेले दम पर इन्हें सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

लेकिन सम्मान बचा नहीं. RCB ने बहुत ही आसानी से ये मैच अपने नाम कर लिया. और इस हार के बाद कप्तान रोहित ने अपने बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों में कसर निकाल दी. उन्होंने कहा,

'अच्छी शुरुआत नहीं मिली लेकिन अंत में तिलक ने अच्छा प्रयास किया. लेकिन बोलर्स ने अच्छी बोलिंग नहीं की. हमने बैटिंग ठीक नहीं की, पिच अच्छी थी. तिलक ने कुछ जो शॉट्स खेले आज, उन्होंने बहुत सारा जिगरा दिखाया. हम आज जिगरा दिखाना चाहते थे, और इस टोटल तक पहुंचाने के लिए तिलक को सलाम. यह बैटिंग के लिए अच्छी पिच थी. हमने अपनी क्षमता के मुताबिक बैटिंग नहीं की. 30-40 रन और होना बेहतर होता. हम स्ट्रगल कर रहे थे.'

Advertisement

रोहित ने जसप्रीत बुमराह पर भी बात की. उन्होंने कहा,

'बुमराह पिछले छह-आठ महीनों से नहीं हैं. मुझे उनके बिना खेलने की आदत हो गई है. हम बहुत सी चीजें कंट्रोल नहीं कर सकते. बाकी लोग भी बहुत टैलेंटेड हैं. बहुत लोगों ने पहले IPL नहीं खेला था. ये तो पहला ही गेम था सीजन का, आगे देखने के लिए बहुत कुछ है.'

मैच पर लौटें तो मुंबई की टीम ने 20 रन तक ईशान किशन, कैमरन ग्रीन और रोहित शर्मा के विकेट गंवा दिए थे. 48 तक आते-आते सूर्यकुमार यादव भी लौट गए. लेकिन तिलक ने एक छोर थामे रखा. वह 46 गेंदों पर 84 रन बनाकर नाबाद लौटे. मुंबई ने RCB को 172 का लक्ष्य दिया.

Advertisement

जवाब में RCB ने भयानक शुरुआत की. फाफ डु प्लेसी और विराट कोहली की ओपनिंग जोड़ी ने मुंबई के बोलर्स को खूब धुना. 14.5 ओवर्स में जब डु प्लेसी आउट हुए. तब तक बोर्ड पर 148 रन टंग चुके थे. उन्होंने 43 गेंदों पर 73 रन बनाए. डु प्लेसी के आउट होने के बाद आए दिनेश कार्तिक बिना खाता खोले लौट गए. मुंबई को हल्की सी उम्मीद दिखी.

लेकिन फिर आए ग्लेन मैक्सवेल ने तीन गेंदों में ही वो उम्मीदें धराशाई कर दीं. अंत में विराट कोहली ने छक्का मार अपनी टीम को जीत दिलाई. कोहली 49 गेंदों पर 82 रन बनाकर नाबाद लौटे. जबकि मैक्सवेल ने तीन गेंदों पर 12 रन बनाए.

वीडियो: विराट कोहली की अंग्रेजी सुन पाकिस्तानी कप्तान ने दिया मीम कॉन्टेंट!

Advertisement