IPL 2023 के मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस फ़ैन्स के लिए बुरी ख़बर सामने आई है. T20 क्रिकेट के सबसे धाकड़ खिलाड़ियों में एक कायरन पोलार्ड (Kieron Pollard) ने इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास ले लिया है. साल 2010 से मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा रहे वेस्टइंडीज़ के विस्फोटक आलराउंडर ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है.
कायरन पोलार्ड ने कहा IPL को अलविदा, चिट्ठी से गायब रहा बेहद खास व्यक्ति का नाम!
अब भी मुंबई से जुड़े रहेंगे पोलार्ड.


पोलार्ड के मुताबिक वो कुछ और समय क्रिकेट खेलना चाहते थे. लेकिन उन्होंने मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट से बात करने के बाद ये फैसला लिया. उन्होंने ट्वीट किया,
'यह फैसला करना आसान नहीं था क्योंकि मैं कुछ और साल खेलना चाहता हूं. लेकिन मुंबई इंडियंस के साथ बात करने के बाद मैंने अपने IPL करियर को अलविदा कहने का फैसला किया है. मैं समझता हूं कि इस बेहतरीन फ्रेंचाइजी ने बहुत कुछ हासिल किया है. लेकिन इसमें बदलाव की जरूरत है. अगर मैं अब मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेलता हूं, तो मैं खुद को इस टीम के खिलाफ खेलते हुए नहीं देख सकता. ‘Once an MI always an MI.’
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वो मुंबई टीम के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे. साथ ही वो UAE लीग में फ्रेंचाइजी की टीम MI Emirates के लिए खेलते हुए भी नजर आएंगे. उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा,
‘मैं IPL में बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभाने के साथ-साथ MI अमीरात के साथ खेलने के लिए सहमत हो गया हूं. मेरे करियर का यह अगला अध्याय वास्तव में काफी रोमांचक है. जो मुझे प्लेयर से लेकर बतौर कोच की भूमिका निभाने में मदद करेगा.’
पोलार्ड ने अपनी चिट्ठी में मुंबई से जुड़े तमाम लोगों को धन्यवाद कहा. लेकिन इस चिट्ठी में ना तो कप्तान शब्द का ज़िक्र था और ना ही रोहित शर्मा का.
पोलार्ड के IPL करियर की बात करें तो उन्होंने 189 मुकाबलों में हिस्सा लिया. इस दौरान उनके नाम 28.67 की औसत से कुल 3412 रन हैं. यहां उनका स्ट्राइक रेट 147.32 का रहा है. वहीं बोलिंग की बात करें तो पोलार्ड के नाम 31.59 की औसत से कुल 69 विकेट हैं. इस दौरान उन्होंने 8.72 की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं.
इससे पहले इसी साल 20 अप्रैल को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अचानक से संन्यास ले लिया था. 2007 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले पोलार्ड ने अपने करियर में कुल 224 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे. पोलार्ड के नाम 123 वनडे मैच में 94.42 की स्ट्राइक रेट से 2706 रन हैं. उन्होंने 55 विकेट भी लिए हैं. जबकि 101 T20 इंटरनेशनल मैच में पोलार्ड के नाम 1569 रन हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम 42 विकेट भी हैं.
PCB ने वर्ल्ड कप के लिए शाहीन शाह अफरीदी का करियर बर्बाद कर दिया!
















.webp?width=120)
.webp?width=120)
.webp?width=120)



