'भले ही उन्होंने डेल स्टेन के साथ काम किया है लेकिन उन्हें लेंथ का कोई आइडिया नहीं है.' कुछ दिन पहले ये बात कही वीरेंद्र सहवाग ने. सनराइजर्स हैदराबाद के स्पीडस्टर उमरान मलिक को लेकर. दरअसल मुंबई के खिलाफ आखिरी लीग मैच में हैदराबाद की टीम 200 रन डिफेंड नहीं कर पाई और दो ओवर पहले ही मैच हार गई.
मैच के दौरान उमरान मलिक ने अपने तीन ओवर के कोटे में 43 रन लुटा दिए. जिसके बाद वीरेंद्र सहवाग उनसे काफी नाराज नजर आए. सहवाग ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा कि उमरान मलिक के साथ दिक्कत यह है कि वो अपनी लेंथ बदलते रहते हैं. अभी भी उनके पास अनुभव नहीं है, उन्होंने भले ही डेल स्टेन के साथ काम किया है लेकिन उनको लेंथ का कोई आइडिया नहीं है. स्टेन से इतना सीखने के बावजूद वो लगातार वही गलतियां कर रहे हैं.
उमरान मलिक पर भड़के सहवाग, पठान ने जवाब में क्या कह हल्ला मचवा दिया?
'उमरान ने भले ही डेल स्टेन के साथ काम किया, लेकिन उन्हें लेंथ का आइडिया नहीं है'


हालांकि सहवाग की इस बात से इरफान पठान सहमत नहीं नजर आ रहे हैं. उनके मुताबिक उमरान को लाइन लेंथ की जगह पेस पर फोकस करना चाहिए. उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए कहा,
‘उमरान पिछले साल SRH के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे. और वह उसके बाद भारत के लिए भी खेले. हम उस खिलाड़ी की बात कर रहे हैं जो 150 से ज्यादा की स्पीड से गेंदबाजी करता है. और यहां हम लाइन और लेंथ में फंस गए हैं. यदि आप फास्ट बॉलिंग कर रहे हैं और आप नेशनल टीम के लिए एक संपत्ति हैं. लाइन और लेंथ वाली चीज अपने आप आ जाती है. तो क्या आप चाहते हैं कि कोई तेज गेंदबाजी न करे और लाइन और लेंथ पर ध्यान दे? मेरे हिसाब से फास्ट बॉलिंग करने वालों की समय के साथ लाइन और लेंथ अपने आप आ जाती है.’
हालांकि पठान यहां उमरान मलिक को डिफेंड करते आ रहे हैं. लेकिन इस साल उमरान ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे हैदराबाद की टीम निराश जरूर होगी. उमरान मलिक ने इस सीज़न 8 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 43.40 की औसत से सिर्फ 5 विकेट चटकाए. इस दौरान उनकी इकॉनमी 10.85 की रही. और इस वजह से उन्हें इस टीम से ड्रॉप भी किया गया. जबकि कुछ समय पहले उन्हें नेशनल टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया था. आपको किसकी बात सही लगती है, कमेंट सेक्शन में बताएं.
वीडियो: विराट कोहली के शतक पर पाकिस्तानी क्रिकेटर की बात सुनी?


















