आईपीएल 2019. राजस्थान रॉयल्स वर्सेज़ किंग्स इलेवन पंजाब. आईपीएल का चौथा मैच. जयपुर में खेला गया. राजस्थान की टीम नए अवतार में यानी नई किट में दिखाई दे रही थी. गुलाबी रंग की. पंजाब ने पहले बैटिंग की और क्रिस गेल ने धुआंधार शुरुआत की. क्रिस गेल अपनी उसी लय में बैटिंग कर रहे थे जिसने उन्हें सबसे विध्वंसक टी-20 बैट्समेन का ओहदा दिलाया है. शुरुआत में आंखें सेट हो जाने के बाद गेल ने ताबड़तोड़ बैटिंग की. गेल के अलावा सरफ़राज़ खान ने भी बढ़िया बैटिंग की और पंजाब 184 रनों पर पहुंचा. जवाब में बैटिंग करने के लिए आई राजस्थान की टीम बढ़िया शुरुआत के बाद एक वक़्त आराम से जीतने की स्थिति से मैच गंवा बैठी. राजस्थान की हार और किंग्स इलेवन पंजाब की जीत की वजहें:
1. क्रिस गेल.

यूनिवर्सल बॉस. पहले कभी कोलकाता की टीम के लिए खेलते थे, फिर बैंगलोर के पास आये और फ़िलहाल पंजाब के लिए खेल रहे हैं. जब अपनी रवानगी में होते हैं तो सामने कुछ भी हो, उसे तहस नहस कर देते हैं. आज भी इन्होंने वही किया. गेल शुरुआत में सेटल होना चाह रहे थे. 18 गेंदों में सिर्फ़ 14 रन बना पाए थे. इस दौरान असल में उन्हें स्ट्राइक ही बहुत कम मिली थी. लेकिन एक बार अपनी लय में आये तो फिर रुके नहीं. जयदेव उनडकट के एक ओवर में लगातार 3 चौके और फिर एक छक्का जड़ा. यहां से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और उनकी इनिंग्स 79 रनों पर रुकी. ये रन उन्होंने 47 गेंदों में बनाए.
2. जयदेव उनडकट.

उनडकट को राजस्थान रॉयल्स ने 8.40 करोड़ रुपयों में खरीदा है. ये बहुत बड़ी रक़म होती है. इसके पीछे उनकी अच्छी डोमेस्टिक परफॉरमेंस है. लेकिन आईपीएल में वो अपने बनाए किलों को स्वयं ही ध्वस्त करने की रवायत को दोहरा रहे हैं. उनडकट को गेल ने पीटा और फिर वो आख़िरी ओवर्स में भी पिटे. उन्हें पूरे 4 ओवर्स भी नहीं मिले और अपने फेंके 3 ओवर्स में उनडकट ने कुल 44 रन दे दिए. यानी प्रति ओवर 14.66 रन. उन्हें पंजाब के बैट्समेन ने 6 चौके मारे और 2 छक्के.
राजस्थान रॉयल्स ज़रूर ही उनडकट के बारे में सोच रही होगी. आईपीएल के पिछले एडिशन में ये सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी थे. उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 11.50 करोड़ रुपयों में खरीदा था. पिछले आईपीएल में उन्होंने बेहद दोयम दर्जे की गेंदबाज़ी की थी. जयदेव ने 15 मैच खेले थे और मात्र 11 विकेट लिए थे. इस दौरान उनकी इकॉनमी थी 9.65 रन प्रति ओवर. और स्ट्राइक रेट था 27.45 का. यानी हर 27.45 गेंद के बाद वो एक विकेट लेते थे. ध्यान रहे कि एक मैच में एक बॉलर मात्र 24 लीगल गेंदें ही फ़ेंक सकता है. इस लिहाज़ से उनडकट की बॉलिंग परफॉरमेंस काफ़ी शर्मनाक कही जायेगी.
3. आख़िरी के 4 ओवर.

राजस्थान की टीम मैच के 16 ओवर ख़त्म होने तक मैच में थी. वो जीतती दिख रही थी. 16 ओवर ख़त्म होने के बाद उसका स्कोर था 146 रन पर 2 विकेट. 8 विकेट्स बचे थे और 24 गेंदों में 39 रन चाहिए थे. लेकिन इसके बाद 17वें ओवर में सैम करन ने 2 विकेट्स निकाले और अगले ओवर में मुजीब-उर-रहमान ने भी 2 विकेट्स निकाले. 17वां ओवर जब शुरू हुआ था तो राजस्थान की हालत ये थी कि उनके दोनों बैट्समैन एक भी गेंद खेले बिना खड़े हुए थे. यहीं से राजस्थान के पतन की शुरुआत हुई और अगली 18 गेंदों में 5 विकेट्स गिरे. अंत में पंजाब की टीम 14 रनों से ये मैच जीत गई.