The Lallantop

'उन्हें वनडे खेलना नहीं आता'...वेस्टइंडीज़ के कप्तान पूरन ने बताई हार की असली वजह

धवन की कप्तानी में इंडिया ने जीते तीनों मैच.

Advertisement
post-main-image
पूरन ने बताई हार की वजह

भारत ने तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज़ को 119 रन के बड़े अंतर से मात दी. टीम ने डकवर्थ लुइस नियम के आधार पर मुकाबले में जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज़ पर 3-0 से कब्ज़ा कर लिया. जीत के बाद टीम के कप्तान शिखर धवन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से गदगद नजर आए. उन्होंने टीम के युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की. जबकि मेजबान कप्तान निकलस पूरन ने कहा कि उनके प्लेयर्स को अभी वनडे खेलना सीखना होगा.

धवन की कप्तानी में भारत ने पहली बार वेस्टइंडीज़ को उसी के घर में क्लीनस्वीप किया है. इस जीत के बाद धवन ने कहा कि युवा खिलाड़ी काफी मैच्योरिटी के साथ खेले, जिसकी वजह से हम सीरीज़ को अपने नाम करने में कामयाब रहे. साथ ही उन्होंने अपनी फॉर्म को लेकर भी खुशी जाहिर की.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
# धवन ने की तारीफ

शिखर धवन के मुताबिक युवा खिलाड़ियों ने फील्ड पर खुद को बखूबी संभाला है. और सभी मुकाबलों में अपना बेस्ट दिया है. उन्होंने कहा,

‘मुझे लगता है कि लड़के युवा हैं, लेकिन वे परिपक्व होकर खेले. जिस तरह से उन्होंने मैदान पर खुद को संभाला, वास्तव में मुझे उन पर गर्व हैे. ये हमारे लिए बहुत अच्छे संकेत हैं. मैं लंबे समय से इस फॉर्मेट को खेल रहा हूं. और अपनी फॉर्म से काफी खुश हूं. पहले वनडे में जिस तरह से मैंने वो पारी खेली उससे मैं खुश था. और आज भी, अपने प्रदर्शन से खुश हूं. मुझे पता है कि 50 को 100 में कैसे बदला जाता है. जिस तरह से सभी लड़कों ने खेल दिखाया, वह बहुत ही अद्भुत था. मुझे अपनी बोलिंग यूनिट पर गर्व है, उन्होंने अपना बेस्ट दिया.’

Advertisement
# पूरन ने बताई हार की वजह

वहीं हार के बाद वेस्टइंडीज़ के कप्तान निकलस पूरन ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों में अनुभव की कमी है. और वो अभी ये समझने की कोशिश कर रहे हैं कि वनडे क्रिकेट कैसे खेला जाता है. पूरन ने कहा,

‘हमने पहले दो मैच में अपना बेस्ट दिया. मुझे लगता है कि हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लड़कों ने अच्छा प्रदर्शन किया. हमारी टीम में कुछ अनुभवहीन खिलाड़ी हैं, जो अभी भी ये समझने की कोशिश कर रहे हैं कि वनडे क्रिकेट कैसे खेलें. हालांकि हर मैच के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ रहा है. आगामी न्यूज़ीलैंड सीरीज़ में सभी के पास अपने आप को साबित करने का बेहतरीन मौका होगा. मैं अपनी T20I टीम को लेकर काफी उत्साहित हूं.’

# मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो भारत ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया. बारिश के कारण मुकाबले को पहले 40 ओवर्स का किया गया था. लेकिन लगातार बारिश के कारण के टीम इंडिया 36 ओवर ही खेल पाई. जिसमें टीम ने तीन विकेट खोकर 225 रन बनाए. ओपनर शुभमन गिल 98 गेंद पर 98 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं धवन ने 58 और श्रेयस अय्यर ने 44 रन की पारी खेली. वेस्टइंडीज़ की तरफ से हेडन वॉल्श ने दो विकेट हासिल किए.

यहां से फिर एंट्री हुई डकवर्थ लुइस नियम की. जिसके आधार पर वेस्टइंडीज़ को 35 ओवर्स में 257 रन का लक्ष्य दिया गया. लेकिन टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई. सिराज़ ने अपने पहले ही ओवर में वेस्टइंडीज़ के दो खिलाड़ियों को चलता कर दिया. इसके बाद भी टीम लगातार विकेट खोती रही. वेस्टइंडीज़ की पूरी टीम महज़ 26 ओवर में ही 137 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत की तरफ से चहल ने सबसे ज्यादा चार विकेट हासिल किए.

Advertisement

रवि शास्त्री ने सचिन का हवाला देकर टीम इंडिया की क्या कमजोरी बता दी?

Advertisement