The Lallantop

बेंगलुरु में रोहित शर्मा ने की रिकार्डों की झमाझम बारिश और भीग गए कंगारू

इंडिया ने सात विकेट से जीता मैच. सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है.

Advertisement
post-main-image
रोहित ने वनडे कैरियर का 29वां शतक लगाकर सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ दिया.(फोटो: PTI)
इंडिया-ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ का तीसरा और आखिरी वनडे 19 जनवरी 2020 को खेला गया. 1-1 से बराबर चल रही सीरीज़ का डिसाइडर. बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता. पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 286 रन बनाए. इंडिया ने 15 गेंद शेष रहते तीन विकेट खोकर 289 रन बना लिए. इंडिया ने सीरीज़ अपने 2-1 से अपने नाम कर ली. इस जीत में सबसे बड़ा योगदान हिटमैन रोहित का रहा. उन्होंने तीसरे वनडे में कई नए रिकॉर्ड अपने नाम किए.
इंडिया की तरफ से रोहित शर्मा और KL राहुल ने पारी की शुरुआत की. राहुल जल्दी आउट हो गए, लेकिन रोहित का बल्ला खामोश नहीं रहा. उन्होंने 119 रनों की पारी खेली. वनडे क्रिकेट में 29वां शतक. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ आठवां. वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर. श्रीलंकाई दिग्गज सनथ जयसूर्या पांचवें नंबर पर खिसका दिए गए हैं.
हिटमैन रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 9,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 217 पारियां खेलीं. पहले नंबर पर इंडियन क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का नाम है. कोहली ने 194 पारियों में 9000 रन बना लिए थे. 205 पारियों के रिकॉर्ड के साथ साउथ अफ़्रीका के एबी डिविलियर्स दूसरे नंबर पर आते हैं.
रोहित के छक्के लगाने वाले शॉट्स को क्रिकेट के सबसे खूबसूरत पलों में गिना जाना चाहिए.
रोहित के छक्के लगाने वाले शॉट्स को क्रिकेट के सबसे खूबसूरत पलों में गिना जाना चाहिए.

रोहित शर्मा ने ये आंकड़ा ऑस्ट्रेलिया के साथ चल रही वनडे सीरीज़ के तीसरे मैच में छुआ. तीसरा वनडे शुरू होने से पहले वे 9000 के आंकड़े से बस चार रन दूर थे. रोहित 9000 रन बनाने वाले सातवें इंडियन बैट्समैन भी बन गए हैं. उनसे पहले सचिन तेंडुलकर, मोहम्मद अज़हरूद्दीन, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली भी ये कारनामा कर चुके हैं.
बेंगलुरू में रोहित शर्मा का ये चौथा वनडे मुकाबला था. रोहित को इस ग्राउंड से कितना प्यार है, ये पिछला रिकॉर्ड देखकर बखूबी समझ में आता है. बेंगलुरू में उन्होंने पहला वनडे न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेला था. 7 दिसंबर 2010 को. इस मैच में उन्होंने 44 रनों की पारी खेली थी.
इस मैदान पर उनका दूसरा वनडे ऑस्ट्रेलिया के साथ था. तारीख थी 2 नवंबर 2013 की. वनडे में उनकी पहली डबल सेंचुरी इसी मैच में आई थी. रोहित के बल्ले से 209 रन निकले थे. तीसरा वनडे 2017 में हुआ. 28 सितंबर को. एक बार फिर से ऑस्ट्रेलिया की टीम सामने थी. रोहित ने इस मैच में 65 रन बनाए थे. और, अब साल है 2020 का. ऑस्ट्रेलिया की टीम एक बार फिर से बेंगुलरु में है. रोहित ने पिछला रिकॉर्ड बरकरार रखा है.
रोहित और कोहली की पार्टनरशिप ने मैच को एकतरफा बना दिया.
रोहित और कोहली की पार्टनरशिप ने मैच को एकतरफा बना दिया.

रोहित शर्मा ने इस मैच में एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है. 23 जून 2007 को डेब्यू के बाद का रिकॉर्ड देखें तो वे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले क्रिकेटर बन गए हैं. रोहित ने जून 2007 के बाद से वनडे में 243 छक्के लगाए हैं. इसी दौरान क्रिस गेल ने 242 छक्के लगाए. तीनों फॉरमेट की बात करें तो क्रिस गेल के 413 छक्कों का रिकॉर्ड भी रोहित ने तोड़ दिया है. उनके खाते में 415 छक्के दर्ज हो चुके हैं.


वीडियो : विज्डन: दशक की टी-20 टीम में नहीं हैं रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement