The Lallantop

T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की बाजाफाड़ तैयारी देख लीजिए!

ये रातों-रात नहीं हुआ, चार साल लगे.

Advertisement
post-main-image
2016 में हुए टी20 वर्ल्ड कप के बाद से चार साल में भारतीय टीम ने आठ अलग-अलग देशों में जाकर टी20 सीरीज जीती हैं. ये तस्वीर ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ दूसरा टी20 जीतने के बाद की है. (फोटो- PTI)
अगले साल यानी कि 2021 में ICC वर्ल्ड T20 होना है. माने टी20 वर्ल्ड कप. कोविड के कारण लगे ब्रेक के बाद जब वापस क्रिकेट शुरू हो रहा है, तो सभी टीमों का फोकस इसी पर है. टीम इंडिया का भी. ऑस्ट्रेलिया दौरे से टीम इंडिया ने अपना ये नया सीज़न शुरू किया. वनडे सीरीज भारतीय टीम 1-2 से हार गई. लेकिन तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले दो मैच जीतकर टीम इंडिया ने 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है. तो क्या एक सीरीज के दम पर मान लें कि टीम इंडिया की वर्ल्ड टी20 की तैयारियां दुरुस्त चल रही हैं? बिल्कुल मत मानिए. चार साल के दम पर पर तो मानेंगे? 2016 के बाद प्रदर्शन 2016 का वर्ल्ड टी20 भारत में ही हुआ था. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया सेमीफाइनल में विंडीज के हाथों हारकर बाहर हो गई थी. लेकिन इस टूर्नामेंट के बाद से लेकर ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ दूसरे टी20 तक टीम इंडिया ने कुल 60 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं. इनमें से 43 मैच में टीम को जीत मिली है. यानी कि 71.66 फीसदी का विनिंग रेशियो. ये प्रदर्शन बताता है कि टीम इंडिया टी20 में अच्छा प्रदर्शन कर रही है. आठ देशों में सीरीज जीत इन चार साल में भारतीय टीम ने आठ अलग-अलग देशों में जाकर टी20 सीरीज जीती हैं. ये देश हैं - आयरलैंड, जिंबाब्वे, श्रीलंका, वेस्ट इंडीज, साउथ अफ्रीका, न्यूज़ीलैंड, इंग्लैंड और अब ऑस्ट्रेलिया. हालांकि 2021 का वर्ल्ड टी20 भारत में होना है. और भारत ने भारत में साउथ अफ्रीका के ख़िलाफ 2019 में जो टी20 सीरीज खेली थी, वो 1-1 से बराबर रही थी. फिर भी टीम इंडिया का चार साल में टी20 में अच्छा प्रदर्शन अगले साल के लिए उम्मीदें जगा रहा है. वैसे भी 2013 के बाद से भारतीय टीम ने कोई ICC टूर्नामेंट नहीं जीता है. ये भी बताते चलें कि ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ दूसरे टी20 में मिली जीत टीम इंडिया की लगातार दसवीं टी20 जीत है. लगातार सबसे ज़्यादा टी20 मैच जीतने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के नाम है, जिसने 2016-17 में लगातार 11 मैच जीते और 2018-19 में लगातार 12 मैच. टीम इंडिया के पास ये रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement