The Lallantop

'भारत ने 'बेईमानी' नहीं की, तो ऑस्ट्रेलिया ही जीतेगा'

ऑस्ट्रेलियाई लेजेंड का दावा.

Advertisement
post-main-image
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम. Photo: PTI

न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ T20I सीरीज़ जीत के बाद टीम इंडिया अपने अगले कैम्पेन की तैयारी में जुट गई है. जुटना ज़रूरी भी है. क्योंकि अगला टास्क पिछले टास्क से बहुत बड़ा है. 9 फरवरी 2023 से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज़ का आगाज़ होने जा रहा है. जिसका पहला मैच नागपुर में खेला जाएगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये टेस्ट सीरीज़, वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) फाइनल के लिहाज़ से बेहद ज़रूरी है. 2021-23 सीजन का WTC फाइनल जून के महीने में खेला जाएगा. जिसके लिए भारत प्रबल दावेदार है.

दूसरी तरफ मेहमान टीम ऑस्ट्रेलिया पहले से ही WTC फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. ऑस्ट्रेलिया के लिए ये सीरीज़ इसलिए अहम है. क्योंकि इन्होंने भारतीय सरज़मीं पर 2014/15 के बाद से कोई भी टेस्ट सीरीज़ नहीं जीती है. जबकि भारत उसके बाद से ऑस्ट्रेलिया में दो बार टेस्ट सीरीज़ जीत चुका है.

Advertisement

ऐसे में अब सीरीज़ शुरू होने से पहले ही बयानबाज़ी शुरू हो गई है. ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व विकेटकीपर इयन हीली ने भारतीय विकेट्स को लेकर बयान दिया है. हीली ने कहा है कि अगर भारत में ईमानदार विकेट्स बनाई गईं, तो ये ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत को घर में हराकर लौटेगी.

हीली ने 'SENQ Breakfast' से बात करते हुए कहा,

'मुझे लगता है अगर वे उचित भारतीय विकेट तैयार करते हैं, जो अच्छी बल्लेबाज़ी विकेट हो, और कुछ वक्त के बाद स्पिन करे. तो आखिर में हम मुकाबला जीत जाएंगे.'

Advertisement

हीली ने आगे स्टार्क और लॉयन का ज़िक्र करते हुए कहा,

'लेकिन मुझे पहले टेस्ट में स्टार्क और लॉयन की चिंता है, क्योंकि अगर ईमानदार विकेट नहीं हुई, जो हमने पिछली सीरीज़ में देखी, जहां असमतल उछाल था, और पहले दिन से ही गेंद नीची रहने लगी थी, मुझे लगता है इस तरह की कंडीशंस में भारत हमसे बेहतर खेलता है.'

119 टेस्ट खेले हीली ने भारत में मिलने वाले दबाव से निपटने के लिए भी अपनी टीम के युवा खिलाड़ियों को सलाह दी है. उन्होंने कहा,

'मैं चाहता हूं खिलाड़ी उस दबाव (स्थानीय लोगों से) से बचे रहें, जागरूक रहें.'

वहीं हीली ने टीम के युवाओं को ये संदेश भी दिया कि भारत में कैच ड्रॉप करना या मिस फील्ड करना बहुत भारी पड़ सकता है. आपको बता दें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज़ के बाद तीन मैच की वनडे सीरीज़ भी खेली जाएगी.

वीडियो: हार्दिक पंड्या, शुभमन गिल के अलावा IndvsNZ मैच की ये तीन बातें जानते हैं!

Advertisement