सुनील गावस्कर और टीम इंडिया. फोटो: AP
ब्रिस्बेन टेस्ट में जीत के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है. टीम इंडिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को 2-1 से जीतकर शानदार तरीके से दौरा खत्म किया है. इस जीत के बाद टीम इंडिया के लिजेंड और जिनके नाम पर ये सीरीज़ खेली जाती है. उनका रिएक्शन आ गया है. सुनील गावस्कर ने इस जीत को इतना खास बताया कि उनकी नज़र में अब क्रिकेट फैंस अपने ऑफिस, दफ्तर और काम पर प्रोडक्टिविटी भी बढ़ा देंगे. सुनील गावस्कर ने इस जीत के बाद कहा,
''अभी ऑफिस तो बहुत ज़्यादा खुले नहीं हैं. लेकिन फिर भी इस जीत के बाद अगले 10 दिनों के लिए क्रिकेट फैंस की प्रोडक्टिविटी जो बढ़ेगी वो देखिएगा आप लोग. कल परसों से जो काम होगा ना उसमें लोग कितनी जान लगाएंगे. क्योंकि ये जीत खास है.''
खैर, ये तो गावस्कर के मन की बात थी. लेकिन टीम इंडिया की जीत पर उन्होंने कहा, ''इसे आप किस तरह से डिस्क्राइब कर सकते हैं. मुझे ऑस्ट्रेलिया में इतनी खुशी महसूस हो रही है. मैं अकेला यहां भारतीय हूं कॉमेंट्री पैनल में. एडिलेड में पहले दिन से कहता आया हूं कि भारत 2-1 से सीरीज़ जीतेगा.''
कॉमेंट्री में लोग बोले भारत बस 50-60 ओवर खेल पाएगा:
उन्होंने आगे बताया कि इंग्लिश कॉमेंट्री पैनल में लोग भारत के 55-60 ओवर खेलने की बातें कर रहे थे. उन्होंने कहा,
''कुछ लोग बोल रहे थे कि भारत 60 ओवर खेलेगा, कुछ 55 ओवर कह रहे थे, मैंने तब भी कहा था कि हमारे बल्लेबाज़ 90 ओवर खेलेंगे. क्योंकि जिस तरह से मेलबर्न में टीम ने वापसी की, जिस तरह से सिडनी में लड़े. मेरा विश्वास था कि ये टीम यहां भी कुछ खास ज़रूर करेगी.''
पुजारा ने किया कमाल:
गावस्कर ने चेतेश्वर पुजारा की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा,
''उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपनी जान लगाई है. उन्होंने इतनी चोटें खाईं गलव्स पर, हेलमेट पर, कमर पर. लेकिन वो हटे नहीं. उनकी क्रीज़ पर जो मौजूदगी होती है वो दूसरे खिलाड़ी को आत्मविश्वास देती है. क्योंकि लंच और टी के बीच में भारत दो विकेट गंवा देता तो और ज़्यादा मुश्किलें पैदा होती. उन्होंने अपनी पारी को संभाला. इससे पंत को विश्वास मिला.''
इस जीत को खास बताते हुए गावस्कर ने आगे कहा,
''इस बार ऑस्ट्रेलिया के पास पूरी ताकतवर टीम थी, पांचवे दिन गेंद घूम रही थी, कल(चौथे दिन) भी गेंद में उछाल था. लेकिन फिर भी उस विकेट पर रन बनाना और वो भी इतनी आसानी से. आखिर में भी हमने जो विकेट गंवाए वो सिर्फ स्कोर को नज़दीक लाने के प्रयास में गिरे. लेकिन बहुत अच्छा लगा. इस युवा भारतीय टीम ने कमाल करके दिखाया है.''
किसे दिया गावस्कर ने जीत का श्रेय:
गावस्कर ने मैच के बाद कहा,
''इस जीत का श्रेय सिराज, सुंदर, शार्दुल, शुभमन, ऋषभ पंत. इन सब युवा खिलाड़ियों को जाता है. भारतीय क्रिकेट का जो भविष्य है वो इतना ब्राइट है कि हर सीरीज का हम और उत्सुक्ता से इंतज़ार कर सकते हैं.''