IPL 2022 का सबसे अटैकिंग बल्लेबाज़, यानी जिसने सबसे तेज गति से रन बनाए हों. इस बल्लेबाज को सीजन के अंत में सुपर स्ट्राइकर चुना जाता है. और इस बार के सुपर स्ट्राइकर रहे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विकेटकीपर बल्लेबाज़ दिनेश कार्तिक. दिनेश कार्तिक को IPL सीज़न 15 में सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीज़न का अवॉर्ड दिया गया है. दिनेश कार्तिक ने IPL2022 में RCB के लिए खेलते हुए 16 मुकाबलों में 330 रन्स बनाए. जिसमें उनकी बैटिंग एवरेज 55 की और स्ट्राइक रेट सबसे खतरनाक 183.33 का रहा.
ट्रॉफी-फेयरप्ले ठीक है, टाटा की चमचमाती गाड़ी कौन ले गया?
बैंगलोर के विकेटकीपर बल्लेबाज़ दिनेश कार्तिक को IPL 2022 का सुपर स्ट्राइकर चुना गया है. उन्होंने इस सीज़न 183 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से रन्स बनाए हैं.


इस अवॉर्ड में उन्हें ट्रॉफी के साथ टाटा की चमचमाती हुई नई कार पंच भी मिली. दरअसल ये सवाल कई लोगों के ज़हन में था कि पूरे IPL सीजन दर्शकों के बीच खड़ी रही स्टाइलिश सी कार किस प्लेयर को मिलेगी. और अब सबको पता चल चुका है कि ये कार दिनेश कार्तिक के खाते में गई है. क्योंकि उन्होंने अपने बल्ले से इस सीज़न बेमिसाल प्रदर्शन कर दिखाया.
दिनेश कार्तिक की टीम RCB क्वॉलिफायर 2 में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी. जिसकी वजह से वो फाइनल के वक्त अहमदाबाद में मौजूद नहीं थे. ऐसे में उनको मिली ट्रॉफी और अवॉर्ड को गुजरात टाइटंस के कप्तान और टीम इंडिया में कार्तिक के साथी हार्दिक पंड्या ने कलेक्ट किया.
दिनेश कार्तिक सुपर स्ट्राइकर बनने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर भी हैं. 2018 से चले आ रहे सुपर स्ट्राइकर के अवॉर्ड पर अब से पहले सिर्फ कैरेबियाई खिलाड़ियों का कब्ज़ा था. साल 2018 में सुनील नरेन ने इस अवॉर्ड को जीता था. इसके बाद 2019 में ये अवॉर्ड KKR के ही विस्फोटक फिनिशर आंद्रे रसल के खाते में गया. 2020 में मुंबई इंडियंस के फिनिशर कायरन पोलार्ड ने अपनी पावर हिटिंग के दम पर ये अवॉर्ड जीता. और 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के अटैकिंग बल्लेबाज़ शिमरॉन हेटमायर ने सुपर स्ट्राइकर का अवॉर्ड अपने नाम किया था.
और अब कहीं साल 2022 में जाकर किसी भारतीय ने इस अवॉर्ड पर कब्ज़ा जमाया है. 2022 में दिनेश कार्तिक की बल्लेबाज़ी के दम पर उन्हें ये खास अवॉर्ड मिला है. ऐसा भी नहीं है कि कार्तिक को सिर्फ इस अवॉर्ड से ही संतोष करना पड़ा है. उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के दम पर आगामी साउथ अफ्रीका सीरीज़ के लिए टीम इंडिया में भी जगह मिली है.
हार्दिक पंड्या ने बताया डेविड मिलर से क्या कहते हैं वो?





















