भारतीय क्रिकेट टीम की विश्वकप 2019 की तस्वीर. फोटो: Getty
विश्वकप सेमीफाइनल, जुलाई 2019 के बाद से वनडे में दो खिलाड़ियों का भारतीय फैंस को बेसब्री से इंतज़ार है. इनमें से एक नाम है महेन्द्र सिंह धोनी, और दूसरा जसप्रीत बुमराह. धोनी कब वापस आएंगे ये तो किसी को नहीं पता होता. लेकिन बुमराह वापस आ गए हैं. भारतीय क्रिकेट टीम का स्टार और वनडे का नंबर एक तेज़ गेंदबाज़ मैदान पर वापस आ गया है. श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज़ के लिए बुमराह की टीम में वापसी हुई है. खुद बीसीसीआई ने बुमराह की वापसी का ऐलान किया. बीसीसीआई ने 3 जनवरी को पहले एक तस्वीर पोस्ट की. इस तस्वीर में बुमराह के साथ गेंदबाज़ी कोच भरत अरुण खड़े नज़र आ रहे हैं. इस पोस्ट के साथ बीसीसीआई ने लिखा,
''एंड ही इज़ बैक, बुमराह नेट्स सेशन के लिए पूरी तरह से तैयार है.''
इसके चंद मिनट बाद बीसीसीआई ने एक और ट्वीट किया. इस ट्वीट में उन्होंने बुमराह की वापसी का वीडियो शेयर किया. बीसीसीआई ने एक वीडियो डाला. इस वीडियो में बुमराह दौड़ते हुए आते हैं और सुपर ऐक्शन के साथ स्टम्पस को उड़ा देते हैं. इस वीडियो के कैप्शन में लिखा गया कि
''किसी ने इस नज़ारे को मिस किया? कैसी लगी जसप्रीत बुमराह की ये गेंद.''
खुद बुमराह ने इसके बाद अपने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की. उन्होंने अपने हाथ में गेंद के साथ नेट्स की एक तस्वीर शेयर की. और लिखा,
''अपने कम्फर्ट ज़ोन में वापस आ गया हूं.''
भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज़ 5 जनवरी से 10 जनवरी के बीच होनी है. जिसका पहला मैच गुवाहाटी में खेला जाना है.
भारत-श्रीलंका टी-20 सीरीज के लिए श्रीलंका टीम में हुई इस पूर्व कप्तान की वापसी