The Lallantop

बाबर आजम फिर बनेंगे पाकिस्तान के कप्तान? PSL 2026 में गदर काटने के बाद दे दिया बड़ा हिंट!

PSL 2026 में Babar Azam की अगुवाई में Peshawar Zalmi टीम ने फाइनल में जगह बना ली है. इस दौरान बाबर ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने इस सीजन 84 के औसत से 588 रन कूट दिए हैं.

Advertisement
post-main-image
बाबर आजम ने PSL 2026 में अब तक 588 रन बना दिए हैं. (फोटो-PTI)

पाकिस्तान क्रिकेट और कप्तानी का ड्रामा कोई नई बात नहीं है. लेकिन, इस ड्रामे का सबसे बड़ा किरदार बाबर आजम (Babar Azam) एक बार फिर चर्चा में है. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में अपने बल्ले और कप्तानी से बाबर भौकाल काट रहे हैं. इसी को लेकर जब उनसे नेशनल टीम की कप्तानी में वापसी के बारे में पूछा गया तो उनका रिएक्शन सुनने लायक था. उनके बयान से क्रिकेट के गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
कप्तानी को लेकर क्या बोले बाबर?

बाबर आजम की कप्तानी में पेशावर जल्मी PSL 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है. 3 मई को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में उनका खिताबी मुकाबला हैदराबाद किंग्समेन से होना है. इसी बीच एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब पत्रकारों ने उनसे पाकिस्तान की कप्तानी में वापसी को लेकर सवाल दागा, तो बाबर ने बड़ी ही चालाकी से जवाब दिया. उन्होंने कहा,

पाकिस्तानी टीम की कप्तानी का मामला एक अलग बात है. अभी मेरा पूरा ध्यान पाकिस्तान सुपर लीग के फाइनल पर है. लेकिन, अगर भविष्य में ऐसी कोई स्थिति आती है, तो मैं हमेशा वही करूंगा जो पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे अच्छे हित में होगा.

Advertisement

यानी, सीधे तौर पर हां नहीं कहा, लेकिन न भी नहीं कहा.

ये भी पढ़ें : अर्जुन तेंदुलकर 5 गुना बेस प्राइस में बिके! IPL में LSG ने अब तक डेब्यू तक नहीं कराया

PSL 2026 में बाबर की कप्तानी का भौकाल

पेशावर जल्मी के लिए इस सीजन में बाबर की कप्तानी एकदम टॉप क्लास रही है. टीम अपने पहले 9 मैचों में अजेय रही. 8 मैचों में जीत दर्ज की और एक मैच (इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ) रद्द हो गया था. क्वालीफायर मुकाबले में जल्मी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को 70 रनों के बड़े अंतर से रौंद दिया. अब टीम 2017 के बाद अपना दूसरा PSL खिताब पर नज़रें गड़ाए बैठी है.

Advertisement

इस सीजन बाबर की बैटिंग पर कप्तानी का दबाव बिल्कुल नहीं दिखा. बल्कि ये कहना स‍ही होगा कि उनके बल्ले ने इस सीजन आग उगली है. उनके आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं. टूर्नामेंट में बाबर ने 84 के बेहतरीन औसत और 146.26 के शानदार स्ट्राइक-रेट से 588 रन कूट दिए हैं.

इसके साथ ही बाबर ने PSL के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के फखर जमां के ऑल-टाइम रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. वो उस्मान खान के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे बैटर बन गए हैं, जिन्होंने PSL के एक ही सीजन में दो शतक ठोके हैं. लीग में अपने चौथे शतक के साथ ही, बाबर अब PSL में सबसे ज़्यादा शतक लगाने वालों की ऑल-टाइम लिस्ट में उस्मान खान के बराबर आ गए हैं.

कैसा रहा है बाबर का कप्तानी करियर?

बाबर आजम दो बार पाकिस्तानी टीम के कप्तान रह चुके हैं. दोनों ही बार उनकी विदाई कुछ खास अच्छी नहीं रही थी. पहली बार भारत की मेजबानी में हुए ODI वर्ल्ड कप में जब पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रहा, तब बवाल मचने के बाद बाबर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी थी.

इसके बाद उनकी वापसी हुई. लेकिन, अक्टूबर 2024 में उन्होंने फिर लिमिटेड-ओवर्स की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया. यह फैसला तब आया था जब वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम ग्रुप स्टेज से ही शर्मनाक तरीके से बाहर हो गई थी.

अब देखना दिलचस्प होगा कि PSL 2026 का फाइनल जीतने के बाद क्या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) एक बार फिर अपने पुराने कप्तान की तरफ रुख करता है या नहीं.

वीडियो: PSL में अपने परिवार से मिलने के लिए क्यों तरसे खिलाड़ी?

Advertisement