The Lallantop

Asian Games : 503 एथलीट्स के लिए 246 सपोर्ट स्टाफ! सरकार का फैसला क्यों कर रहा हैरान?

Asian Games 2026 : स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री ने 19 सितंबर से जापान में शुरू होने वाले एश‍ियन गेम्स के लिए 503 एथलीट्स के लिए 246 सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी दी है. भारतीय दल में 269 पुरुष और 234 महिला एथलीट्स शामिल हैं. वहीं, इस बार भारतीय दल कुल 36 इवेंट्स में भाग लेगा.

Advertisement
post-main-image
एश‍ियन गेम्स 2026 में भारतीय दल में कुल 768 लोग शामिल, इनमें 246 सपोर्ट स्टाफ हैं. (फोटो-Reuters)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • खेल मंत्रालय ने 2026 एशियन गेम्स के लिए 503 एथलीट्स और 246 सपोर्ट स्टाफ समेत कुल 768 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दी है, जो 19 सितंबर से जापान में हिस्सा लेगा।
  • सरकार की सख्त चयन नीति और पिछली बार की अपेक्षा कम एथलीटों के कारण इस बार भारतीय दल में 152 एथलीट कम शामिल किए गए हैं, जबकि सपोर्ट स्टाफ लगभग समान है।
  • भारतीय दल में कमी के बावजूद, 36 खेलों में भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अगली चुनौती मेडल संख्या में सुधार की होगी, जो 4 अक्टूबर तक चलेगा।

एश‍ियन गेम्स 2026 के लिए 768 मेंबर वाले भारतीय दल को खेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है. इनमें कुल 503 एथलीट्स और 246 सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं. 19 सितंबर से जापान के आइची नागोया में 20वें एश‍ियन गेम्स की शुरुआत होने वाली है. इसमें भारतीय दल कुल 36 इवेंट्स में हिस्सा लेते दिखेगा. हालांकि, अगर पिछली बार से तुलना करें तो 152 एथलीट्स कम इस बार हिस्सा लेंगे. लेकिन, सपोर्ट स्टाफ की संख्या लगभग पिछली बार जितनी ही है. पिछली बार 655 एथलीट्स के साथ 260 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ दल हांगझू एशि‍यन गेम्स में गया था.  

Advertisement
246 सपोर्ट स्टाफ में कौन-कौन शामिल?

स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री ने शुरुआत में 492 एथलीट्स के नामों की ही मंजूरी दी थी. लेकिन, फाइनल लिस्ट में अब 11 और एथलीट्स के नाम जोड़े गए हैं. इनमें मुख्य रूप से एथलेटिक्स दल में इजाफा हुआ है. नई मंजूरी के बाद अब भारतीय दल में कुल 269 पुरुष एथलीट्स और 234 महिला एथलीट्स शामिल हैं. वहीं, इन एथलीट्स को सपोर्ट करने के लिए 246 मेंबर की टीम को सरकार ने मंजूरी दी है.

अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ में 23 चीफ/डिप्टी चीफ कोच और 150 कोच शामिल हैं. इनके अलावा मेडिकल स्टाफ, फिजियोथेरेपिस्ट, मनोवैज्ञानिक, मसाज थेरेपिस्ट, मैनेजर और तकनीकी स्टाफ को भी दल का हिस्सा बनाया गया है. कंटिन्जेंट स्टाफ में शेफ डी मिशन सहदेव यादव और चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. दिनशॉ पारदीवाला भी शामिल हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें : भारत में होगी ICC विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी, श्रीलंका से मेजबानी छिनी

एथलेटिक्स दल के लिए 31 सपोर्ट स्टाफ

हर बार की तरह इस बार भी सबसे बड़ा दल ए‍थलेटिक्स का ही है. इस बार कुल 79 एथलीट्स ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स में भाग लेंगे. इस दल को सबसे ज्यादा 31 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ मिला है. इसमें 20 कोच शामिल हैं. उनकी अगुआई नेशनल कोच पी. राधाकृष्णन करेंगे. हालांकि, भारत को पिछली बार के गोल्ड मेडलिस्ट जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की कमी खलेगी. चोट के कारण वह इस बार एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.

वहीं, क्रिकेट में भारत की मेंस और विमेंस दोनों टीमें इस बार भी हिस्सा लेंगी. दोनों टीमों के लिए कुल 20 सदस्यों के सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी मिली है. इसकी अगुआई BCCI के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वीवीएस लक्ष्मण करेंगे.

Advertisement
पिछली बार आए थे 106 मेडल 

भारतीय दल इस बार कुल 36 खेलों में हिस्सा लेगा. 19 सितंबर को शुरू होने वाला ये एश‍ियन गेम्स 4 अक्टूबर तक चलेगा. वहीं, पिछली बार हांगझू में हुए एश‍ियाड की बात करें तो, भारत चौथे स्थान पर रहा था. भारत के खाते में कुल 106 मेडल आए थे. इनमें 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 40 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे.

पिछली बार भारत ने कुल 41 इवेंट्स में भाग लिया था. हालांकि, इस बार सरकार की स्ट्र‍िक्ट एश‍ि‍यन गेम्स सेलेक्शन पॉलिसी के कारण भारतीय दल में 152 एथलीट्स कम हैं. लेकिन, उन्हें उम्मीद है कि पिछली बार की तुलना में इस बार ज़्यादा मेडल आएंगे. 

वीडियो: BCCI ने बदले फिटनेस टेस्ट के तरीके, नहीं होगा यो यो टेस्ट

Advertisement