The Lallantop

'पाकिस्तान से हार के बाद लोगों ने जान दे दी', क्रिकेटर बोला आज भी चुभता है वो मैच

2022 एशिया कप के सुपर-4 स्टेज में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मैच खेला गया. अफगानिस्तान की टीम ज्यादातर समय मैच पर हावी दिख रही थी. लेकिन आखिर में मैच का रुख अचानक पलट गया.

Advertisement
post-main-image
गुरबाज ने कहा कि उनकी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. (फोटो- AFP)

अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर रहमानुल्लाह गुरबाज ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के साथ राइवलरी पर चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने कहा कि 2022 एशिया कप में पाकिस्तान से मिली हार के बाद उनके देश में कुछ लोगों ने जान दे दी थी. उन्होंने ये भी बताया कि अफगान फैंस हर बार पाकिस्तान को हराने की उम्मीद करते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

2022 एशिया कप के सुपर-4 स्टेज में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मैच खेला गया. अफगानिस्तान की टीम ज्यादातर समय मैच पर हावी दिख रही थी. टीम ने मैच में पहले बैटिंग करते हुए 129 रन बनाए थे. पाकिस्तान की टीम को आखिरी ओवर में 11 रन चाहिए थे. और सिर्फ एक विकेट बचा था.

मैच के आखिरी ओवर में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह ने बैट से कमाल कर दिया. उन्होंने अफगानिस्तान के गेंदबाज फजलहक फारूकी की पहली दो गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़ पाकिस्तान को एक विकेट से मैच जिता दिया.

Advertisement

ये हार अफगानिस्तान के लिए बहुत दर्दनाक थी. टीम फाइनल में पहुंचने से चूक गई. गुरबाज ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस मैच को याद करते हुए कहा,

“मेरे लिए वो सबसे दिल तोड़ने वाला मैच था. अफगानिस्तान में लोग बहुत दुखी हो गए थे. कई लोग रोए. यहां तक कुछ लोगों ने जान तक दे दी. हमारे यहां बहुत भावुक लोग हैं. हम खिलाड़ी भी दुखी होते हैं क्योंकि हम अपने लोगों के लिए खेलते हैं.”

गुरबाज ने आगे बताया कि आज भी जब वो शारजाह स्टेडियम में जाते हैं तो उस हार की याद ताजा हो जाती है. उन्होंने कहा,

Advertisement

“आज भी मुझे वो मैच याद है, उसकी बहुत दुखद यादें हैं. जब भी मैं शारजाह स्टेडियम में जाता हूं तो उस हार की याद ताजा हो जाती है. मुझे आज भी लगता है कि हमें वो मैच जीत जाना चाहिए था. हमने बैटिंग अच्छी नहीं की, लेकिन बॉलिंग अच्छी की थी. फिर भी आखिर में हम हार गए.”

पाकिस्तानी प्लेयर्स पर क्या बताया?

गुरबाज ने साफ कहा कि उनकी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. वो कहते हैं,

“हम क्रिकेटर हैं. हम अफगानिस्तान के लोगों के लिए खेलते हैं. उनकी खुशी में हमारी खुशी है. अगर आप यहां के लोगों से पूछें कि सबसे यादगार मैच कौन सा था, तो वो 2023 वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर मिली जीत का नाम लेंगे.”

गुरबाज कहते हैं कि अफगान फैंस हर बार पाकिस्तान को हराने की उम्मीद करते हैं. वो बताते हैं कि अफगानिस्तान में लोग ये उम्मीद करते हैं कि उनकी क्रिकेट टीम पाकिस्तान को हर हाल में हरा दे.

वीडियो: काबुल में पाकिस्तानी हमले की जांच के लिए क्रिकेटर राशिद खान ने किससे गुहार लगाई?

Advertisement