The Lallantop

'TMC के 20 सांसद और 50 विधायक हमारे संपर्क में...', बंगाल में क्या होने वाला है?

West Bengal: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सीनियर नेता और सांसद Saumitra Khan ने दावा किया है कि TMC के 20 सांसद BJP के संपर्क में हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर केंद्रीय नेतृत्व मंजूरी दे, तो वे पाला बदलने को तैयार हैं. TMC की इस पर प्रतिक्रिया आई है.

Advertisement
post-main-image
BJP ने दावा किया है कि TMC के 20 सांसद पार्टी के संपर्क में हैं. (फाइल फोटो: इंडिया टुडे)

पश्चिम बंगाल में मिली हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) अपने मुश्किल दौर से गुजर रही है. पार्टी के सीनियर नेता खुलकर असंतोष जता रहे हैं. इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सीनियर नेता सौमित्र खान ने दावा किया है कि टीएमसी के 20 सांसद बीजेपी के संपर्क में हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर केंद्रीय नेतृत्व मंजूरी दे, तो वे पाला बदलने को तैयार हैं. टीएमसी ने इस दावे को ‘बेबुनियाद’ बताकर खारिज कर दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'TMC पूरी खत्म हो जाएगी'

तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके सौमित्र खान ने किसी भी सांसद का नाम लिए बिना पत्रकारों से कहा, 

Advertisement

“टीएमसी के 20 सांसद (बीजेपी में) आने को तैयार हैं. अगर बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व एक बार कह दे, तो टीएमसी पार्टी नहीं रहेगी. हर कोई बीजेपी में आने को तैयार है.”

उन्होंने यह भी दावा किया कि टीएमसी के 50 विधायक पार्टी से नाखुश हैं. बीजेपी नेता सौमित्र ने कहा कि अगर बीजेपी चाहे, तो अगले कुछ दिनों में पूरी की पूरी टीएमसी खत्म हो जाएगी. 

Advertisement

पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से टीएमसी के पास अभी 29 सांसद हैं. बीजेपी के पास 12 और कांग्रेस के पास एक सांसद है. दल-बदल विरोधी कानून कहता है कि अयोग्य घोषित होने से बचने के लिए किसी संसदीय दल के कम से कम दो-तिहाई सदस्यों को एक साथ पाला बदलना जरूरी होता है. इस हिसाब से टीएमसी के मामले में देखा जाए तो लोकसभा में 29 सांसद होने के कारण, यह संख्या 20 के आसपास बनती है.

TMC ने क्या बताया?

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बीजेपी नेता सौमित्र खान के दावों को खारिज कर दिया है. टीएमसी के सीनियर नेता और सांसद सौगत रॉय ने इन खबरों को ‘बेबुनियाद’ बताया. न्यूज एजेंसी ने उनके हवाले से लिखा,

“यह पूरी तरह से बेबुनियाद है, जिसे बीजेपी और सौमित्र खान पत्रकारों के बीच फैला रहे हैं. ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला है.”

2021 के विधानसभा चुनावों से पहले, टीएमसी के कई बड़े नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया था. लेकिन टीएमसी के सत्ता में लौटने के बाद वे पार्टी में वापस लौट आए थे. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस बार हालात कुछ अलग नजर आ रहे हैं. बीजेपी ने तृणमूल के 15 साल के शासन को खत्म करके बंगाल में सत्ता हासिल की है. 

ये भी पढ़ें: बंगाल में बड़ा उलटफेर, TMC के 100 पार्षदों का इस्तीफा, सांसद ने BJP की बैठक में हिस्सा लिया

पश्चिम बंगाल में मिली करारी हार के बाद टीएमसी अपने बुरे दौर से गुजर रही है. बीते कुछ दिनों में अलग-अलग नगर पालिकाओं के लगभग 100 पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया है. लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने भी छह विधायकों के साथ बीजेपी बैठक में हिस्सा लिया. बंगाल के सियासी गलियारों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं. अटकलें लगाई जा रही हैं कि काकोली घोष और कई विधायक बीजेपी का दामन थाम सकते हैं.

वीडियो: राजधानी: ममता बनर्जी के खिलाफ बीजेपी का नया प्लान क्या है?

Advertisement