The Lallantop

'राघव चड्ढा को शीशमहल में मुर्गा बनाकर पीटा गया था,' हरियाणा AAP के पूर्व अध्यक्ष का बड़ा दावा

आम आदमी पार्टी (AAP) की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष Naveen Jaihind ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि Raghav Chadha को 'शीशमहल' पर बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई थी.

Advertisement
post-main-image
राघव चड्ढा को 'AAP' ने डिप्टी लीडर पद से हटा दिया. (फाइल फोटो- India Today)

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद राघव खुलकर AAP के खिलाफ आ गए हैं. जवाब में पार्टी नेताओं ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इस बीच, AAP की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि राघव चड्ढा को 'शीशमहल' पर बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

नवीन जयहिंद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि राघव चड्ढा को दिल्ली में 'शीशमहल' कहे जाने वाले सरकारी आवास पर बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई थी. उन्होंने दावा किया कि इस घटना में राघव की आंख में चोट भी आई थी, जिसके इलाज के लिए उन्हें विदेश जाना पड़ा. जयहिंद ने अपनी पोस्ट में लिखा,

“राघव चड्ढा क्यों नहीं बताते जब आपको शीशमहल में बुलाकर मुर्गा बनाकर पीटा गया था. तब आप की आंख में चोट लगी, जो इंग्लैंड में जाकर ठीक हुई, जब आंसुओं का सैलाब आया था. आपसे ज्यादा हिम्मत वाली तो महिला सांसद निकलीं, जिन्होंने अपने साथ हुई पिटाई के बारे में लोगों को बताया. हिम्मत दिखाओ राघव, लोगों को बताओ.”

Advertisement

नवीन जयहिंद दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के पूर्व पति हैं. 2020 में दोनों का तलाक हो गया था. माना जा रहा है कि जिस महिला सांसद का उन्होंने अपनी पोस्ट में जिक्र किया, वो स्वाति मालीवाल ही हैं. 

2024 में स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि जब वह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके आवास पर गईं, तो वहां उनके पीए विभव कुमार ने उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की. उसी सुबह उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को फोन कर इसकी जानकारी दी थी.

Advertisement

अपनी पूर्व पत्नी और सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुए कथित मारपीट मामले में नवीन जयहिंद ने AAP के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया था. उन्होंने खुले तौर पर आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार को बचाने की कोशिश की जा रही है और स्वाति मालीवाल की जान को खतरा है.

कौन हैं नवीन जयहिंद?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नवीन जयहिंद हरियाणा के एक सामाजिक कार्यकर्ता और राजनेता हैं. वे 2011 के अन्ना आंदोलन के समय से ही जुड़े रहे और आम आदमी पार्टी (AAP) के संस्थापक सदस्यों में से एक थे. उन्होंने हरियाणा में पार्टी की कमान संभाली और 2019 के लोकसभा चुनावों में फरीदाबाद से चुनाव भी लड़ा था. नवीन जयहिंद ने अप्रैल 2022 में आधिकारिक तौर पर खुद को आम आदमी पार्टी से अलग कर लिया था. 

ये भी पढ़ें: 'अपने AAP' से कैसे दूर होते गए राघव चड्ढा?

पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी सुशील गुप्ता ने दावा किया था कि नवीन जयहिंद का आम आदमी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है और उन्होंने 2019 के विधानसभा चुनावों के बाद ही पार्टी छोड़ दी थी. वर्तमान में, नवीन जयहिंद अपनी संस्था 'जयहिंद सेना' के जरिए स्वतंत्र रूप से काम कर रहे हैं और अक्सर सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए AAP नेतृत्व की तीखी आलोचना करते दिखते हैं.

वीडियो: 'घायल हूं, इसलिए घातक हूं'; राघव चड्ढा ने AAP को धुरंधर स्टाइल में सुना दिया

Advertisement