The Lallantop

AAP के 'सबसे अमीर मंत्री' के घर ईडी का छापा, कौन हैं संजीव अरोड़ा?

ED ने आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री Sanjeev Arora के घर पर छापेमारी की गई. इसकी जानकारी अरोड़ा ने खुद एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दी.

Advertisement
post-main-image
संजीव अरोड़ा के घर ईडी की छापेमारी हुई. (फोटो- आज तक)

केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उद्योगपति से राजनेता बने आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर छापेमारी की. ED की ओर से यह छापेमारी शुक्रवार, 17 अप्रैल को लुधियाना में उनके घर और अन्य ठिकानों पर की गई. अरोड़ा के पहले ED ने 2 दिन पहले जालंधर में राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल के प्रॉपर्टीज पर छापेमारी की थी. मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के संस्थापक कुलपति हैं. ED की ओर से की गई छापेमारी की सूचना संजीव अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अरोड़ा ने एक्स पर लिखा,

गुड मॉर्निंग! मेरे परिसर में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा एक कार्रवाई की गई है. एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर मैं एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा और मुझे विश्वास है कि सत्य की ही जीत होगी.

Advertisement
Aam Admi Party
संजीव अरोड़ा का बयान.


वहीं, इस छापेमारी के बाद आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल का भी रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने एक्स पर लिखा,

आम आदमी पार्टी के नेता के यहां तीन दिन में ये दूसरी ED की रेड है. क्या प्रधानमंत्री जी बताएंगे कि अभी तक “आप” नेताओं के यहां जो इतनी सारी अनगिनत रेड की हैं, उनमे कितना काला पैसा मिला? एक रुपया भी मिला? पूरा देश देख रहा है कि आप केवल सत्ता के लिए कितनी ओछी राजनीति कर रहे हैं.

Arvind Kejariwal
अरविंद केजरीवाल का बयान


बता दें कि यह पहली दफा नहीं है, जब संजीव अरोड़ा के प्रॉपर्टीज पर छापेमारी की हो. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 अक्टूबर, 2024 को उनकी कंपनी M/S हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड द्वारा कथित तौर पर ‘जमीन के इस्तेमाल में अवैध बदलाव और अन्य अनियमितताओं’ के मामले में भी छापेमारी हुई थी. अरोड़ा की कंपनी में रियल एस्टेट, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल हाउसिंग, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, कपड़ों और मेडिकल प्रोजेक्ट्स से संबंधित काम-काज किए जाते हैं. 

Advertisement

संजीव अरोड़ा कौन हैं? 

संजीव अरोड़ा लुधियाना के रहने वाले एक उद्योगपति हैं, जो पंजाब में 'कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट' भी चलाते हैं. अरोड़ा ने लुधियाना के SCD गवर्नमेंट कॉलेज से बैचलर ऑफ कॉमर्स (B.Com) की डिग्री हासिल की है. अरोड़ा को साल 2022 में आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा सांसद बनाया. लेकिन कुछ समय के बाद ही ‘आप’ के विधायक गुरप्रीत गोगी का निधन हो गया. इसके बाद लुधियाना में पश्चिम के पॉश निर्वाचन क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने के लिए अरोड़ा ने 2025 में राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया. इस उपचुनाव में अरोड़ा ने जीत हासिल की.

बाद में उन्हें पंजाब की भगवंत मान सरकार की कैबिनेट में शामिल किया गया. अरोड़ा को राज्य के उद्योग और वाणिज्य, स्थानीय निकाय और बिजली विभाग के प्रभार की कमान दी गई. एक रियल एस्टेट कारोबारी होने की वजह से अरोड़ा पंजाब के सबसे अमीर विधायक हैं. उपचुनाव के दौरान अरोड़ा की ओर से दायर किए हलफनामे के मुताबिक, उनकी पर्सनल प्रॉपर्टी 278 करोड़ रुपये की है. अगर उनकी प्रॉपर्टी में उनकी पत्नी संध्या अरोड़ा की प्रॉपर्टी को भी जोड़ लिया जाए तो इस कपल की कुल प्रॉपर्टी 302.11 करोड़ रुपये हो जाती है.

अरोड़ा की कुल प्रॉपर्टी शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, सांसद हरसिमरत कौर बादल, आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह और कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह जैसे राजनेताओं की प्रॉपर्टी से कहीं ज्यादा है. इन नेताओं की प्रॉपर्टी भी 150-200 करोड़ रुपये के बीच है.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: संसद में राहुल-शाह के बीच किस बात पर बहस हो गई?

Advertisement