कांग्रेस के सीनियर नेता और सांसद डॉ. शशि थरूर और पवन खेड़ा के बीच सोशल मीडिया पर जंग छिड़ गई है. शनिवार, 20 जून को थरूर ने खेड़ा की उन आलोचनाओं पर तीखा जवाब दिया, जिसमें उन्होंने थरूर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों की ‘तारीफ’ करने की बात कही थी. थरूर ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत तरीके से पेश नहीं किया है, बल्कि, वही कहा है, जो रिपोर्ट्स में ‘बड़े पैमाने’ पर छपा था.
'PM मोदी जो नहीं कहते, ये वो भी सुन लेते हैं', शशि थरूर और पवन खेड़ा आपस में भिड़ गए
कांग्रेस सांसद Dr. Shashi Tharoor ने Pawan Khera के 'तंज' का तीखा जवाब दिया. दोनों नेताओं के बीच यह 'विवाद' PM Narendra Modi के एक बयान को लेकर शुरू हुआ.


कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के तंज पर शशि थरूर ने जवाब देते हुए X पर लिखा,
‘जो लोग मानते हैं कि मैंने वे शब्द ‘सुने’ जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने G-7 में कभी नहीं कहे, उन्हें बता दूं कि मैं बस उनकी कही बातों पर आई उन रिपोर्टों का जिक्र कर रहा था, जो बड़े पैमाने पर छपी थीं. अगर आप कोई रिपोर्ट सुनना चाहते हैं, तो यह रही एक रिपोर्ट.’
शशि थरूर ने अपने इस रिएक्शन के साथ AI टूल Google Gemini की एक समरी शेयर की. थरूर ने पोस्ट के अंत में लिखा,
‘मैं बहुत ज्यादा पढ़ता हूं और जो पढ़ता हूं, उसे याद भी रखता हूं. मुझ पर कभी भी किसी तथ्य या बयान को गलत तरीके से पेश करने या उसे तोड़-मरोड़कर बताने का आरोप नहीं लगा है. प्रिंट मीडिया में इन टिप्पणियों के बारे में मैंने जो पढ़ा, उसके आधार पर तैयार किए गए अपने सार पर मैं पूरी तरह कायम हूं. ये टिप्पणियां तब की बताई जाती हैं, जब हमारे प्रधानमंत्री, ट्रंप के बगल में बैठे थे.’

दरअसल, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार, 20 जून को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें पत्रकारों ने पवन खेड़ा से शशि थरूर के उस बयान पर सवाल किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ‘तारीफ’ की थी. थरूर ने दावा किया था कि पीएम मोदी ने फ्रांस में भारतीय नाविकों का मुद्दा ‘जोरदार’ तरीके से उठाया. शशि थरूर के इसी दावे पर पवन खेड़ा से प्रतिक्रिया ली गई थी. खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो क्लिप एक्स पर शेयर किया. पोस्ट के कैप्शन में लिखा,
‘मेरे सीनियर सहयोगी डॉ. शशि थरूर की पीएम मोदी के लिए तारीफ अब असली दुनिया की हद से भी आगे निकल गई लगती है. अब वे वह भी सुन पा रहे हैं, जो मोदी ने कहा ही नहीं.’

पवन खेड़ा ने अपने पोस्ट के साथ G7 समिट में मोदी-ट्रंप की मीटिंग पर विदेश मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के बारे में भी बताया. अब जानते हैं कि कांग्रेस के दोनों सीनियर नेताओं के बीच ये ‘विवाद’ शुरू कैसे हुआ. दरअसल, हाल ही फ्रांस में G7 समिट का आयोजन किया गया. 17 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की एक खास मीटिंग हुई.
मीटिंग में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप के सामने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया. मोदी-ट्रंप की मीटिंग पर एक न्यूज एजेंसी ने थरूर से उनकी प्रतिक्रिया मांगी. इस दौरान थरूर ने कहा,
‘जब भारतीय नाविकों की बात आती है, तो प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक और निजी बातचीत में अपनी बात जोरदार तरीके से रखी कि आपको यह समझना होगा कि हमारे नाविक कई तरह जहाजों पर काम करते हैं. यह कोई भारतीय जहाज नहीं था, लेकिन अन्य देशों के झंडे वाले जहाजों पर भी बहुत सारे भारतीय चालक दल और नाविक सवार होते हैं. और जब तक वे कमर्शियल शिपिंग करने वाले नागरिक हैं, उनके साथ युद्ध में लड़ाकों की तरह व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए. और मुझे लगता है कि यह मुद्दा कुछ ऐसा है जिसे संघर्ष में सभी जुझारू लोगों द्वारा पूरी तरह से सराहा जाना चाहिए.’
थरूर ने आगे कहा था कि पीएम मोदी ने जो कुछ भी कहा, वो ठीक था. नाविकों को सैन्य हमलों से छूट मिलनी चाहिए. थरूर के इस बयान को लेकर ही खेड़ा ने उनपर तंज कसा कि पीएम मोदी ने डॉनल्ड ट्रंप के सामने ओमान के पास एक जहाज पर अमेरिकी हमले में मारे गए 3 भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा नहीं उठाया था.
खेड़ा के मुताबिक, पीएम मोदी ने 3 भारतीय नाविकों का मौत का ट्रंप के सामने जिक्र नहीं किया था. इसलिए खेड़ा ने थरूर के उस दावे पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा कि पीएम ने जोरदार' तरीके से अपनी बात रखी. अब जानते हैं कि पीएम मोदी ने असल में डॉनल्ड ट्रंप से क्या कहा था. 17 जून को पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से कहा,
"आप जानते हैं कि मैरीटाइम ट्रेड की दुनिया में भारत के लाखों सीफेयरर्स आज दुनिया के अलग-अलग समुद्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. विश्व की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान दे रहे हैं. और मैं समझता हूं कि उनकी सुरक्षा भी उतना ही महत्वपूर्ण है."
PM मोदी ने उम्मीद जताई थी कि अमेरिका-ईरान के शांति समझौते में सीफेयरर्स की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और उसको प्राथमिकता मिलेगी. इसके बाद से दोनों कांग्रेस नेताओं के बीच पोस्टबाजी चलने लगी.
वीडियो: क्या ईरान फिर से होर्मुज बंद कर देगा?















