मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. स्कूल ठीक कराने निकली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने चुनाव आयोग को 'ठीक करने' का ऐलान कर दिया है. 24 सितंबर को CJP संयोजक अभिजीत दिपके ने CEC ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे दिए. ये कहते हुए कि इन 48 घंटों में ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें नहीं तो CJP उनके खिलाफ पूरे देश में आंदोलन करेगी.
अभिजीत दिपके ने ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे दिए, बोले- इस्तीफा दे दो वर्ना...
अभिजीत दिपके ने ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही नहीं मांगा, बल्कि उन्हें 'सबसे बड़ा देश-विरोधी व्यक्ति' बताया. CJP संस्थापक ने आने वाले विधानसभा चुनावों पर रोक लगाने की मांग भी कर दी.

अभिजीत दिपके ने ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही नहीं मांगा, उन्हें 'सबसे बड़ा देश-विरोधी व्यक्ति' भी बताया. CJP संस्थापक ने आने वाले विधानसभा चुनावों पर रोक लगाने की मांग भी कर दी.
दिपके के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद CJP सह-संयोजक सौरव दास ने तीन मुख्य मांगे रखीं. पहली, CEC का इस्तीफा. दूसरी, ज्ञानेश कुमार और उनको निर्देश देने वालों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाया जाए. और तीसरी, आगामी चुनावों को फ्रीज किया जाए.
इसके अलावा CJP ने एक और मांग की है. उसने कहा कि SIR को वापस लिया जाए और 2025 के ही इलेक्टोरल रोल की बहाली हो. साथ ही SIR से जुड़ी फाइलों को जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी वाली किसी कमिटी के सामने रखा जाए. इतना ही नहीं, सौरव दास ने कहा कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े विवादित कानून को भी निरस्त किया जाना चाहिए.
CJP इन दिनों देश में 'स्कूल ठीक कराओ' मूवमेंट चला रही है. पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग राज्यों में जाकर स्कूलों की खराब हालत को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं. लेकिन अब उनका कहना है कि इस मूवमेंट के दौरान लोगों ने उनसे कहा कि वोट चोरी का मुद्दा ‘ज्यादा गंभीर’ है. सौरव दास ने दावा किया, "लोग मांग कर रहे हैं कि हम ECI की गड़बड़ियों के खिलाफ संघर्ष करें."
वहीं, अभिजीत दिपके ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को CEC बनाए जाने के बाद से ही कई राज्यों में बीजेपी का वोट शेयर बढ़ा है. दिपके ने दावा करते हुए कहा, “जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता सबसे ज्यादा थी तब भी बीजेपी को इतना वोट शेयर नहीं मिल सका. ज्ञानेश कुमार ने बीजेपी का वोट शेयर इस हद तक बढ़ाने के लिए काम किया है जितना पीएम मोदी भी नहीं कर सके.”
दिपके ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार गृह मंत्री ‘अमित शाह के इशारों पर’ काम कर रहे हैं. वहीं CJP के एक और सह-संयोजक आशुतोष राणा ने कहा कि अब सड़क पर उतरने की जरूरत है. उन्होंने जेन जी और दूसरे सोशल ग्रुप्स से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: ज्ञानेश कुमार ने सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की नहीं सुनी?













