राजनीति में दलगत मतभेद मनभेद में बदलता जा रहा है. विपक्षियों के लिए संबोधन में कटुता बढ़ती जा रही है. भाषा अक्सर शालीनता और मर्यादा की देहरी लांघ असभ्य और अभद्र हो जाती है. राजनीतिक विरोधी दुश्मन की तरह देखे जाने लगे हैं. हालांकि बीच-बीच में उम्मीदें भी दिखती हैं. जैसे आज लखनऊ में हुआ. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला जलाने में झुलसीं बीजेपी नेता अनुपमा जायसवाल का हाल-चाल लेने खुद अखिलेश अस्पताल पहुंच गए.
अखिलेश यादव उनका पुतला फूंकते वक्त झुलसीं BJP विधायक से मिलने अस्पताल पहुंचे, फिर क्या हुआ?
उत्तर प्रदेश के बहराइच सदर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंकने के दौरान झुलस गई थीं. लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. अखिलेश यादव ने मेदांता अस्पताल पहुंच कर उनका हाल-चाल जाना.


नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक को परिसीमन से जोड़ने को लेकर सपा समेत विपक्ष की तमाम पार्टियों ने विरोध किया. बीजेपी ने इसका विरोध करने वाली पार्टियों के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था. इसी तरह का एक प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के बहराइच में भी किया जा रहा था.
यहां बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंकने की प्रक्रिया में शामिल थीं. पुतला जलाते समय अचानक आग की लपटें तेज हो गईं. उसकी चपेट में आकर अनुपमा जायसवाल का चेहरा और बाल झुलस गए. इसके बाद तुरंत उनको स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में रेफर किया गया.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव 28 अप्रैल को बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल जानने मेदांता हॉस्पिटल पहुंच गए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए लिखा,
हम नहीं चाहते कि समाज के बीच आग जले. हम चाहते हैं कि समाज में सौहार्द की फुहार हो. हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है. इसलिए हम बीजेपी विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करके लौटे हैं. राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह.
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेदांता पहुंचकर अनुपमा जायसवाल का हालचाल लिया. उन्होंने हाथ जोड़कर नमस्कार किया तो दर्द से परेशान अनुपमा जायसवाल अपनी मुस्कुराहट रोक नहीं पाईं.
अखिलेश यादव ने जायसवाल का इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी बात की. अनुपमा जायसवाल उत्तर प्रदेश की बहराइच सदर विधानसभा सीट से बीजेपी की विधायक हैं. वे 2017 से इस सीट से विधायक हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल में जायसवाल राज्य मंत्री भी रह चुकी हैं.
वीडियो: अखिलेश यादव ने जिस दुकान पर चाय पी, वहां छापा क्यों पड़ा?


















