ओडिशा में एक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) ऑफिस में महिलाओं की सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला सामने आया है. कथित तौर पर ऑफिस के महिला टॉयलेट से एक संदिग्ध हिडन कैमरा बरामद किया गया है. ऑफिस के अधिकारियों ने इसकी जानकारी नजदीकी पुलिस स्टेशन को दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सरकारी ऑफिस के टॉयलेट में महिला अधिकारी ने पकड़ा हिडन कैमरा, किसी को नहीं पता कब से लगा था
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला टॉयलेट जैसी जगह में हिडन कैमरा कैसे लगाया गया. इस कड़ी में पुलिस ऑफिस भर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके.


महिला टॉयलेट में हिडन कैमरा मिलने वाला मामला जगतसिंहपुर जिले के DRDA ऑफिस का है. इंडिया टुडे से जुड़े अजय कुमार नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक, हिडन कैमरा वाली बात उस वक्त सामने आई, जब ऑफिस के ही फाइनेंस डिपार्टमेंट में काम करने वाली एक महिला अधिकारी रोज की तरह टॉयलेट में गई थीं.
इस दौरान उन्होंने एक संदिग्ध हिडन कैमरे को देखा. महिला अधिकारी ने बिना देर किए इस बात की सूचना अपने सीनियर को दी. सीनियर अधिकारी ने पूरी घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने संदिग्ध डिवाइस को अपने कब्जे में ले लिया. अधिकारियों की शिकायत पर FIR भी दर्ज की गई है.
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला टॉयलेट जैसे प्रतिबंधित एरिया में हिडन कैमरा कैसे लगाया गया. इस कड़ी में पुलिस ऑफिस भर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके.
अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. इसमें किसी ऑफिस के ही कर्मचारी के शामिल होने की भी आशंका है. पुलिस मामले की जांच करने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ले रही है. टीम कैमरे की गहनता से जांच कर रही है और उसके डाटा को भी खंगाल रही है.
यह पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है कि क्या इस संदिग्ध कैमरे से कोई फुटेज रिकॉर्ड कर कहीं भेजा गया था. मामले पर तिरतोल के सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) का बयान आया है. SDPO ने बताया कि SIT का गठन कर दिया गया है. टीम तेजी से जांच की कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि टॉयलेट में हिडन कैमरा किसने लगाया था. CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
वीडियो: ईरान पर अमेरिका ने फिर हमला क्यों कर दिया?




















