The Lallantop

20 बार महिला का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया, 48 दिन चली लड़ाई के बाद ये कहा

डिस्चार्ज होने के बाद महिला ने आपबीती बयां की.

Advertisement
post-main-image
महिला आठ मार्च को अस्पताल में भर्ती हुई थी, और 24 अप्रैल को उन्हें रिलीज किया गया. (बाईं तरफ कोरोना वॉर्ड की नर्सों की सांकेतिक तस्वीर, दाईं तरफ सफ़ेद पल्ले और सफ़ेद मास्क में महिला जिन्होंने कोरोना वायरस को आखिरकार हरा दिया. (तस्वीर:weibo/Mumbaimirror)
62 साल की एक महिला. पिछले डेढ़ महीने से अस्पताल में एडमिट थीं. कोरोना पॉजिटिव होने के चलते. 20  बार टेस्ट हुए. हर बार पॉजिटिव रिपोर्ट आई. आखिर 48 दिनों तक कोरोना वायरस से लड़ते रहने के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया.
पूरा मामला क्या है?
महिला केरल की हैं. पत्तनमथिट्टा जिले के वादासेरिकारा गांव में रहती हैं. मुंबई मिरर में छपी रिपोर्ट के अनुसार कोज़ेन्चेरी के जिला अस्पताल में आठ मार्च को एडमिट हुई थीं. इनका परिवार इटली से लौटे एक परिवार के संपर्क में आया था. इसके बाद जांच में महिला और उनकी बेटी कोरोनापॉजिटिव निकले. बेटी तो जल्दी ठीक हो गई. लेकिन महिला का टेस्ट बार-बार पॉजिटिव आता रहा.
Old Womn Mumbai Mirror महिला के लिए अस्पताल वालों ने तालियां भी बजाईं. उनके गांववाले भीउनकी वापसी से बेहद खुश बताए जा रहे हैं. (तस्वीर साभार: mumbaimirror)

महिला ने बताया,
‘ये मेरा सौभाग्य था कि बेहद काबिल डॉक्टरों और नर्सों की टीम ने मेरी देखभाल की. स्टेट हेल्थ मिनिस्टर के के शैलजा भी मेरी तबियत का हाल-चाल लेने के लिए डॉक्टरों के संपर्क में थीं. अस्पताल के स्टाफ ने ये सुनिश्चित किया कि मैं हार न मानूं. वो मुझे हौसला देते रहे कि मैं एक दिन वायरस को ज़रूर हरा दूंगी. अस्पताल में मुझे घर जैसा ही लगा. मैं वहां बहुत आराम से थी. अलग-अलग धर्म को मानने वाले लोगों ने भी मेरे लिए प्रार्थना की. ये पॉजिटिव वातावरण मेरी सेहत सुधारने में बहुत महत्वपूर्ण साबित हुआ.
कोरोना वायरस 60 से ज्यादा की उम्र के लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है. ऊपर से महिला को हाई ब्लड प्रेशर और हाई कोलेस्ट्रोल की शिकायत थी. इस वजह से उनका केस थोड़ा ज़्यादा नाज़ुक था. लेकिन पिछले दो वीकेंड्स पर लिए गए उनके टेस्ट निगेटिव आए हैं. और उन्हें घर भेजा जा रहा है. अपने घर पर वो 14 दिनों तक क्वारंटीन में रहेंगी.


वीडियो:कनिका ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के 21 दिन बाद इंस्टाग्राम पोस्ट में क्या लिखा? 

Advertisement
Advertisement