मध्य प्रदेश का दमोह ज़िला. यहां के एक गांव में छह साल की बच्ची का अपहरण कर, उसके साथ रेप किया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्ची 22 अप्रैल की शाम लापता हुई थी. अगली सुबह घर से कुछ किलोमीटर दूरी पर, एक सुनसान जगह पर बच्ची मिली. बेहोश हालत में. उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे.
मध्य प्रदेश में छह साल की बच्ची का रेप, आंखें बाहर निकालने की कोशिश की गई
पड़ोस की दुकान जाने के लिए निकली थी, अगली सुबह सुनसान इलाके में बेहोश मिली,

'आज तक' से जुड़े हेमंत शर्मा के मुताबिक, बच्ची की हालत नाजुक है. उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर ले जाया गया है. डॉक्टर्स का कहना है कि बच्ची की आंखों में काफी ज्यादा सूजन है. इतनी कि आंखों की जांच नहीं हो पाई है.
पुलिस क्या कहती है?
हेमंत चौहान, दमोह के सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SP) हैं. उनका कहना है,
'विक्टिम की हालत काफी गंभीर है. जबलपुर में इलाज चल रहा है. हमने मामले की जांच के लिए SIT बनाई है. साथ ही आरोपी के बारे में किसी भी तरह की जानकारी देने वाले को 10 हज़ार का इनाम देने का ऐलान भी कर दिया है.'
घरवालों ने क्या बताया?
परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि बच्ची शाम के करीब पांज बजे पड़ोस की दुकान गई थी, कुछ सामान खरीदने. फिर वापस नहीं आई. बस तभी आखिरी बार उन्होंने घटना के पहले बच्ची को देखा था.
कमलनाथ ने सीएम से सवाल किया
कमलनाथ, राज्य के पूर्व सीएम हैं. उन्होंने मौजूदा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से ट्विटर पर घटना को लेकर सवाल पूछा. कहा,
'मासूम बच्चियां भी सुरक्षित नहीं? दमोह की घटना के आरोपियों को जल्दी पकड़ा जाए. कड़ी कार्रवाई हो. सरकार बच्ची का इलाज करवाए. परिवार की मदद करे. ऐसी घटना लॉकडाउन के दौरान हुई. जहां आम लोग घर के बाहर भी नहीं जा पा रहे हैं, वहीं अपराधी खुले घूम रहे हैं. प्रदेश में रेप, हत्या, किसान हत्या, गोलीबाज़ी, चाकूबाज़ी जैसी घटना हो रही है. एक महीने में आपकी सरकार प्रदेश को किस ओर ले जा रही है. शिवराज जी, ये क्या हो रहा है? लॉकडाउन में भी अपराधियों के हौसले कैसे बुलंद हैं?'
भोपाल में दृष्टिहीन महिला का रेप
अभी कुछ ही दिन पहले भोपाल से भी ऐसी घटना सामने आई थी. यहां शाहपुर इलाके में 53 साल की एक महिला का कथित तौर पर रेप किया गया था. घटना के वक्त उनके पति घर पर नहीं थे.
वीडियो देखें: लॉकडाउन में पति राजस्थान में फंसे थे, भोपाल में दृष्टिहीन पत्नी से रेप हो गया!









