राजस्थान का जालौर. यहां एक महिला का आरोप है कि उसके पति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसका गैंगरेप किया. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आरोपियों की तलाश कर रही है.
आरोप-लोहे के गेट में बांधकर पति ने दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप किया
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.


पूरा मामला क्या है?
इस मामले की जानकारी के लिए हमने इंडिया टुडे से जुड़े नरेश से बात की. उन्होंने बताया कि आरोपी पति इंद्र सिरोही जिले के मणादर गांव का रहने वाला है. जालौर में मजदूरी का काम करता है. पीड़िता भी जालौर स्थित अपने मायके में रह रही थी. दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी 12 जनवरी को पीड़िता के पास आया और बाइक से सिरोही ले गया.
पीड़िता का आरोप है कि अर्जुन सिंह, छगना राम और नारायण पहले से ही उस जगह पर नशे में धुत्त बैठे थे, जहां पर उसका पति उसे लेकर गया था. इसके बाद पीड़िता के साथ बदसलूकी करते हुए, उसका पैर अर्जुन सिंह ने लोहे के गेट से बांध दिया, जिससे वह भाग न सके. आरोप है कि इसके बाद एक-एक करके पति समेत उसके तीनों दोस्त ने गैंगरेप किया. इसके बाद मौके से फरार हो गए. जैसे-तैसे पीड़िता ने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी. वो घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़िता को जालौर लेकर आए. यहीं के थाने में शिकायत दर्ज करवाई. फिलहाल पीड़िता का जालौर के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. हालत स्थिर है.
परिवार का क्या कहना है?
समाज विशेष के लोग पीड़िता व आरोपियों के बीच राजीनामा कराने का प्रयास कर रहे है, जिससे मामला सुलझ जाए और बात आगे ना बढ़े. उधर, इस मामले में पीड़िता के भाई ने बताया कि
मैं मजदूरी पर गया था. दोपहर को खाना खाने घर पर आया, तभी मेरी बहन ( पीड़िता की छोटी बहन) ने बताया कि उसे मारपीट करके उसका पति लेकर गया. बाद में बहन से ही पता चला कि उसके साथ इस तरह की घटना हुई है. हमने थाने मे मामला दर्ज करवाया है.
पीड़िता की मां ने बताया,
बेटी हमारे साथ रहती है. उसके तीन बच्चे हैं. एक दिन आरोपी इंद्र घर आया और बहला फुसलाकर कर बेटी को सुसराल ले जाने के बहाने घर से ले गया. इसके बाद उसने और उसके दोस्तों ने बेटी के साथ गंदा काम किया. हमने कोतवाली थाने मे मुकदमा दर्ज करवा दिया है. SP से मिलकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.
जांच अधिकारी डिप्टी SP कैलाश बिश्नोई ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. पीड़िका का मेडिकल करवाया जा चुका है. बयान भी वीडियोग्राफी के जरिए दर्ज हो गया है. आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन भी कर दिया गया है. कोशिश है कि जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया जाएगा.












.webp?width=275)
.webp?width=275)




