कुछ दिन पहले भोपाल से एक खबर आई थी. ये कि यहां के शाहपुर इलाके में 53 बरस की एक दृष्टिहीन महिला का रेप हुआ था. जो पेशे से बैंक कर्मचारी थी. पति लॉकडाउन की वजह से राजस्थान में फंसे थे, इधर महिला घर पर अकेली थीं. अब इसी मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की पहचान चोरी किए गए मोबाइल में मिले एक एप्लीकेशन के ज़रिए की.
चोरी वाले मोबाइल में कुछ ऐसा निकला कि दृष्टिहीन औरत के रेप का आरोपी पकड़ा गया
PPE किट पहनकर पुलिस ने छानबीन की.

क्या है मामला?
'आज तक' से जुड़े रविश पाल सिंह ने इस मामले में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि आरोपी ने महिला के घर से कुछ पैसे, उसका मोबाइल और कुछ ज़ेवर भी चुराए थे.
असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस संजय साहू ने बताया कि उन्होंने महिला के फोन को ट्रेस करना शुरू किया. जिस जगह पर जाकर आरोपी ने महिला की सिम बंद की, वहां पुलिस ने नेटवर्क फैला दिया. इलाके के कुछ बदमाशों की लिस्ट बनाई, जिनकी खोज पुलिस को पहले से थी. फिर करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया.
पूछताछ की, लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिली, क्योंकि महिला देख नहीं सकती थी, तो आरोपी की पहचान भी मुश्किल हो रही थी. महिला ने अपनी शिकायत में ये बताया था कि आरोपी ने जाते वक्त उसे धमकी दी थी. अब पुलिस ने आवाज़ के ज़रिए असली आरोपी की पहचान करने की तरकीब निकाली. जो धमकी महिला ने बताई थी, उसे उन सभी 20 लोगों की आवाज़ में रिकॉर्ड करवाया और महिला को सुनाया. महिला ने एक आवाज़ पहचान ली.
मोबाइल फोन का एप्लीकेशन
आवाज़ पहचान होने के बाद भी आरोपी गुनाह कुबूल नहीं कर रहा था. फिर पुलिस ने उसके पास से बरामद हुए फोन को छान मारा. उसमें एक ऐसा एप्लीकेशन था, जो दृष्टिहीन लोगों की सुविधा के लिए होता है. जब उससे एप्लीकेशन के बारे में पूछताछ की गई, तो फिर उसने आखिर में गुनाह कुबूल कर लिया. आरोपी ने सिम तो फेंक दी थी, लेकिन एप्लीकेशन पर उसकी नज़र नहीं गई थी.
ASP संजय साहू ने बताया कि आरोपी को पकड़ना काफी मुश्किल था. क्योंकि जिस इलाके में सिम बंद हुई थी, वो कोरोना का कंटेनमेंट ज़ोन था. ऐसे में पुलिस ने बचाव के लिए पीपीई किट पहनकर छानबीन की थी.
ये भी पढ़ें- लॉकडाउन में पति राजस्थान में फंसे थे, मध्य प्रदेश में दृष्टिहीन पत्नी से रेप हो गया!
वीडियो देखें: जमशेदपुर के अस्पताल पर महिला ने आरोप लगाया, कहा शर्मिंदा कर देने वाली हरकतें की









