The Lallantop

टेस्ला के नए चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर बने भारतीय मूल के वैभव तनेजा कौन हैं?

ज़ाचरी किरखोर्न की जगह लेंगे वैभव तनेजा. किरखोर्न पिछले 13 साल से इस पद पर थे. टेस्ला ने इस बदलाव का कारण नहीं बताया है.

Advertisement
post-main-image
टेस्ला के नए चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर बने वैभव तनेजा. (फोटो क्रेडिट - लिंक्डइन/पेक्सेल)

टेस्ला (Tesla) ने भारतीय मूल के वैभव तनेजा (Vaibhav Taneja) को चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) बनाया है. कंपनी ने 7 अगस्त को इसकी घोषणा की. वैभव फिलहाल टेस्ला में ही चीफ अकाउंटिंग ऑफिसर (CAO) हैं. अब वे एक अतिरिक्त ज़िम्मेदारी के तौर पर CFO का पद भी संभालेंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे ज़ाचरी किरखोर्न की जगह लेंगे. किरखोर्न पिछले 13 साल से इस पद पर थे. टेस्ला ने इस बदलाव का कारण नहीं बताया है. फिलहाल किरखोर्न इस साल के आखिर तक CFO बने रहेंगे. ताकि वैभव तनेजा इस पद के सारे काम ठीक से समझ सकें. किरखोर्न ने इसे लेकर एक लिंक्डइन पोस्ट किया. उन्होंने लिखा,

"टेस्ला का हिस्सा बनना एक खास अनुभव है. मैं 13 साल पहले इस कंपनी में शामिल हुआ था. तब से अब तक हमने जो एक साथ काम किया है, मुझे उस पर बेहद गर्व है. मैं टेस्ला के सभी कर्मचारियों को धन्यवाद देता हूं."

Advertisement
कौन हैं वैभव तनेजा?

वैभव तनेजा ने 1996 से 1999 के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया है. 1997 से 2000 तक उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया से चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई भी की.

उन्होंने 2017 में टेस्ला के साथ काम करना शुरू किया था. तब वे सोलार एनर्जी की कंपनी सोलारसिटी के साथ काम करते थे. टेस्ला ने सोलारसिटी का अधिग्रहण कर लिया था. सोलारसिटी से पहले वैभव बिग फोर फर्म प्राइस वॉटर हाउस कूपर्स (PwC) के साथ काम करते थे.

उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वैभव ने PwC में 17 साल तक काम किया. मार्च 2016 के बाद उन्होंने सोलारसिटी के साथ काम करना शुरू किया. वैभव फरवरी 2017 से मई 2018 के बीच टेस्ला में असिस्टेंट कॉरपोरेट कंट्रोलर रहे. इसके बाद मई 2018 से कॉरपोरेट कंट्रोलर के पद पर रहे. इसके साथ ही मार्च 2019 से वो कंपनी के CAO भी हैं.

Advertisement

वैभव जनवरी 2021 में टेस्ला की भारतीय शाखा, टेस्ला इंडिया मोटर्स एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर बने. टेस्ला ने बताया कि उनके पास कंपनी में मास्टर ऑफ कॉइन का पद भी था. इस कंपनी के CEO एलन मस्क हैं. 

वीडियो: PM मोदी अमेरिका में एलन मस्क से मिलेंगे, टेस्ला भारत में फैक्ट्री लगाने वाला है?

Advertisement