The Lallantop

'रोहिंग्या को गोली मारो... मस्जिदें गिराओ', टी राजा सिंह पहले भी देते रहे हैं भड़काऊ बयान

पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने वाले बीजेपी विधायक टी राजा सिंह मुसलमानों को देशद्रोही बता चुके हैं.

Advertisement
post-main-image
बीजेपी विधायक टी राजा सिंह. (फाइल फोटो)

पैगंबर मोहम्मद (Prophet Mohammed) पर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए बीजेपी विधायक टी राजा सिंह (T Raja Singh) को जमानत मिल गई है. उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर में आईपीसी की धाराएं 153ए (दो समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा करना), 295 (धार्मिक अपमान के उद्देश्य से किया गया काम) और 505 (जन विद्वेष) लगाई गई हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

वहीं बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है. पार्टी ने टी राजा सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 10 दिन के अंदर ये जवाब देने को कहा है कि आखिर उन्हें पार्टी से क्यों ना निकाला जाए. इस नोटिस में बीजेपी की तरफ से कहा गया है कि टी राजा सिंह ने पार्टी के संविधान का उल्लंघन किया है.

तेलंगाना की गोशामहल सीट से बीजेपी विधायक टी राजा सिंह की तरफ से इस तरह की विवादित और भड़काऊ बयानबाजी करने का ये पहला मामला नहीं है. पिछले कुछ सालों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां टी राजा सिंह खुले तौर पर इस तरह के भड़काऊ भाषण देते हुए पाए गए हैं. इनसे जुड़े कई केस टी राजा सिंह के ऊपर चल रहे हैं.

Advertisement
कौन हैं T Raja Singh?

टी राजा सिंह पहले तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) के नेता थे. बाद में वो बीजेपी में शामिल हुए और इस समय पार्टी से हैदराबाद की गोशामहल विधानसभा सीट के विधायक हैं. टी राजा सिंह तेलंगाना विधानसभा में बीजेपी के व्हिप भी हैं.

साल 2015 में राजा सिंह उस समय सुर्खियों में आ गए थे, जब एक शादी समारोह में रात को 2 बजे तक तेज म्यूजिक बजाने से रोकने पर बीजेपी नेता ने एक पुलिस कॉन्स्टेबल पर हमला किया था. इस घटना के एक वीडियो में राजा सिंह पुलिसकर्मी को गाली देते और धक्का देते हुए देखे गए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

इस घटना के बाद बीजेपी विधायक एक बार फिर से विवादों में आए थे, जब उन्होंने हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी में आयोजित बीफ फेस्टिवल के जवाब में 'दादरी जैसी घटना' को अंजाम देने की धमकी दी थी. उन्होंने ये भी दावा किया था कि 'गौमाता' की रक्षा के लिए वो 'मरने या मारने' के लिए तैयार हैं.

Advertisement

मुस्लिम समुदाय के लोगों के खिलाफ हेट स्पीच के चलते साल 2020 में फेसबुक ने अपने प्लेटफॉर्म पर टी राजा सिंह पर प्रतिबंध लगा दिया था. इंस्टाग्राम ने भी उनके ऊपर बैन लगा दिया था. इस बारे में फेसबुक प्रवक्ता ने कहा था, 

'हमने राजा सिंह को हमारी पॉलिसी का उल्लंघन करने के लिए फेसबुक से प्रतिबंधित कर दिया है. हम हिंसा को बढ़ावा देने या इसमें शामिल होने और हमारे प्लेटफॉर्म से नफरत फैलाने वालों को प्रतिबंधित करते हैं.'

हालांकि बीजेपी विधायक ने दावा किया था कि वो अप्रैल 2019 से फेसबुक पर नहीं हैं.

T Raja Singh के खिलाफ इतने मामले

साल 2018 में टी राजा सिंह की तरफ दायर एक चुनावी हलफनामे के मुताबिक पुलिस ने उनके खिलाफ पहले से ही 43 मामले दर्ज किए हैं. इसमें बिना इजाजत के रैली निकालने, हेट स्पीच, दंगा कराने की कोशिश, पूजा स्थल को अपवित्र करने और हत्या करने की कोशिश तक के मामले शामिल हैं.

फेसबुक ने राजा सिंह को 'खतरनाक व्यक्ति' करार दिया है. बीजेपी विधायक ने एक पोस्ट लिखा था. जिसमें उन्होंने कहा था कि रोहिंग्या मुस्लिम शरणार्थियों को गोली मार दी जानी चाहिए. उन्होंने मुसलमानों को देशद्रोही कहा था और मस्जिदें गिराने की धमकी दी थी.

इसी साल अप्रैल महीने में राम नवमी शोभा यात्रा के दौरान भड़काऊ सांप्रदायिक भाषण देने के चलते पुलिस ने टी राजा सिंह के खिलाफ उपद्रव और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में केस दर्ज किया था. जुलूस के दौरान उन्होंने कहा था कि 'भारत जल्द ही एक हिंदू राष्ट्र बन जाएगा'.

अभी पिछले हफ्ते ही राजा सिंह ने हैदराबाद में स्टैंड-अप आर्टिस्ट मुनव्वर फारूकी के शो को लेकर धमकी दी थी और कहा था कि वे खुद आयोजन स्थल पर जाकर उसका सेट जला देंगे. इस धमकी के चलते उन्हें नजरबंद किया गया था.

पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के चलते केस दर्ज होने के बाद राजा सिंह ने कहा कि 'तेलंगाना में भगवान राम के उपासकों का सम्मान नहीं है' और हिंदू देवी-देवताओं का मजाक बनाने वाले लोग खुले घूम रहे हैं.

वीडियो: बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने पैगंबर पर दिया कथित आपत्तिजनक बयान

Advertisement