विराट कोहली, द विनिंग कैप्टन.पहले बैटिंग पर क्या कहा विराट ने? अनाउंसमेंट सुनकर विराट मंच की तरफ बढ़े. पीछे स्टेडियम में बैठी भीड़ खुशी से चिल्लाई. मौका था 16 मई को हुए भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद पोस्ट मैच कॉन्फ्रेंस की. मांजरेकर ने कहा- भारत टॉस हार गया था. आप पहले फील्डिंग करना चाहते थे, मगर बैटिंग करनी पड़ी. लेकिन अब यहां से अगर आप देखें, तो सब बहुत बढ़िया हो गया? विराट ने जवाब दिया-
ईमानदारी से कहूं तो पहले फील्डिंग या पहले बैटिंग, इससे पिच पर कोई बहुत असर नहीं पड़ने वाला था. एक फैक्टर ये रहा कि हमारी बैटिंग में आधे टाइम के बाद जाकर बॉल ने टर्न होना शुरू किया. यही वो एक चीज थी, जो मुझे लगा कि अलग रही. हां, हम पहले बॉलिंग करना चाहते थे. बारिश का अनुमान था. पिच का भी फैक्टर था. तो अगर आप सही से बॉलिंग करें, सही डायरेक्शन में गेंद डालें तो गेंदबाजों के लिए पर्याप्त मौके थे.
रोहित ने बहुत अच्छी इनिंग खेली. मगर जो स्कोर हमने बनाया, उसके लिए टीम को साथ मिलकर खेलने की ज़रूरत थी. के एल राहुल ने रोहित के साथ मिलकर अच्छी शुरुआत दी टीम को. फिर 75-77 रन बना लेने के बाद रोहित रुक ही नहीं रहा था. उन्होंने फिर दिखाया कि वो क्यों वन-डे मैचों के लिए इतने अच्छे खिलाड़ी हैं. अच्छी शुरुआत की वजह से मेरे लिए भी मैदान में आकर एक्सप्लोर करना मुमकिन हो पाया. फिर हार्दिक आया. हम अभी इसी फॉर्मूले पर चल रहे हैं. ये टेम्प्लेट ठीक काम भी कर रहा है. ये हमारे मिडिल ऑर्डर को खुलकर खेलने का स्पेस देता है. मैं टीम के लिए अपनी भूमिका निभाकर खुश हूं. टीम के बाकी लोग भी अपनी-अपनी भूमिकाएं निभा रहे हैं. फिलहाल तो हमारा खेल बहुत अच्छा चल रहा है.
लंबे स्पेल से मदद मिल रही थी उनको. वो जितने ओवर फेंक रहे थे, उतनी ज्यादा लय में आ रहे थे. मुझे लगता है कि जिस बॉल पर बाबर आज़म आउट हुए, वो शानदार थी. फिर जिस बॉल पर फ़कर जमान आउट हुए, वो भी बहुत अच्छी थी. ये गेम का बहुत अहम पॉइंट था. कुलदीप यादव जब से इंग्लैंड आए हैं, तब से ये उनकी सबसे अच्छी परफॉर्मेंस थी.
मुझे लगता है कि चैंपियन्स ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान ने हमसे बेहतर खेला. इसके अलावा हमने पाकिस्तान के साथ कुछ बेहद अच्छे मुकाबले खेले हैं. अगर आप इंडिया-पाकिस्तान के मैच को लेकर बहुत भावुक हो जाएं, या बेहद एक्साइटेड हो जाएं, तो चीजें थोड़ी मुश्किल हो सकती हैं. इसीलिए हम पाकिस्तान के साथ खेलते हुए वैसा नहीं सोचते, जैसा प्रशंसक सोचते हैं. मुझे पता है कि प्रशंसकों को इस मैच का माहौल अच्छा लगता है. उन्हें मैच का लुत्फ़ भी उठाना चाहिए. मगर क्रिकेटर के तौर पर हमें ये समझना ज़रूरी है कि फील्ड पर चीजें कैसी होती हैं. फिर प्रफेशनल तरीके से खेलना चाहिए. आख़िरकार जो रिज़ल्ट आता है, वही मायने रखता है.
सबसे ज्यादा कमाई वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में विराट कोहली एकमात्र क्रिकेटर




















