The Lallantop

8/2 के बाद कोहली और रहाणे ने जो किया, वो ऑस्ट्रेलिया को सोने नहीं देगा

इंडिया ने स्टेरिंग अपने हाथ में ले लिया है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
पर्थ टेस्ट का दूसरा दिन पूरी तरह इंडिया के नाम रहा. पहले सेशन में चार विकेट गिरा लिए और फिर दिन के आखिरी सेशन तक 172/3 का स्कोर भी बना लिया. 277/6 के आगे खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के टिम पेन और पैट कमिन्स ने स्कोर को 310 तक पहुंचा दिया. दोनों सातवें विकेट के लिए 59 रन जोड़ चुके थे तभी उमेश यादव ने कमिन्स को बोल्ड मार दिया. ऑस्ट्रेलिया का 7वां विकेट गिर गया. इसके बाद अगले ही ओवर में टिम पेन को बुमराह ने LBW कर दिया और स्कोर 310 पर ही ऑस्ट्रेलिया का 8वां विकेट गिर गया. फिर मिशेल स्टार्क को इशांत शर्मा ने पंत के हाथों कैच करवाया और इसी ओवर की अगली गेंद पर इशांत ने हेजलवुड को जीरो पर चलता किया. शर्मा ने दो गेंदों पर दो विकेट लिए और अब अगली पारी में इशांत हैट्रिक पर होंगे. ऑस्ट्रेलिया की पारी 326 पर सिमट गई.
match1
हेजलवुड को इशांत ने बोल्ड मारा.

फिर आई इंडिया की बैटिंग. एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में इंडिया को किसी भी विदेशी दौरे पर 50 रन से ऊपर की पार्टनरशिप देने वाली केएल राहुल और मुरली विजय की जोड़ी से जो उम्मीद थी, वो पूरी नहीं हुई. इंडिया का पहला विकेट तीसरी ही ओवर में गिर गया जब मुरली विजय को मिशेल स्टार्क ने जीरो पर बोल्ड मार दिया. इसके बाद केएल राहुल को हेजलवुड ने 2 के स्कोर पर बोल्ड मारा. इंडिया का स्कोर 8/2 गया. 326 रनों का जवाब में इंडिया की ये स्थिति बेहद खराब थी. सोशल मीडिया पर केएल राहुल और मुरली विजय को घर वापस भेजने की आवाजें गूंजने लगी हैं. मुरली विजय ने पिछले दो सालों में घर से बाहर 7 टेस्ट खेले हैं और उनकी 13 पारियों में 164 रन बनाए हैं. 12.90 के औसत से. एक भी फिफ्टी तक नहीं मारी है.
Match2
मुरली विजय और केएल राहुल दोनों बोल्ड आउट हुए.

फिर चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली की जोड़ी ने मोर्चा संभाला. दोनों ने क्रीज पर समय बिताना शुरू किया. टीम का स्कोर 50 पार हुआ. टी ब्रेक पर जाने तक स्कोरबोर्ड पर 70 रन लग चुके थे. मगर फिर मिशेल स्टार्क ने पुजारा को टिम पेन के हाथों कैच करवा दिया और दोनों के बीच 74 रनों की पार्टनरशिप खत्म हुई. इंडिया का ये तीसरा विकेट 82 के स्कोर पर गिरा. पुजारा ने 103 गेंद खेलकर 24 रन बनाए.
मगर दूसरी तरफ कोहली का बल्ला चलता रहा. कोहली ने 109 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. दूसरी तरफ अजिंक्य रहाणे भी अलग ही गियर में आकर बैटिंग करने लगे. रहाणे ने मैच का पहला छक्का जड़ा. इंडिया के लिए सबसे अच्छी बात ये रही कि चाय के बाद यानी आखिरी सेशन में इंडिया ने एक भी विकेट नहीं खोया. कोहली और रहाणे ने सॉलिड बैटिंग की और स्पीड से रन बनाने के साथ साथ विकेट भी बचाए रखे. दोनों के बीच 90 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी है. कोहली 82 रन बनाकर नाबाद हैं और रहाणे भी 51 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं. दूसरे दिन की स्टंप्स तक इंडिया का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 172 हो गया है.
Match3
कोहली और रहाणे ने संभाल लिया है.

विराट कोहली के डेब्यू के बाद से नंबर चार पर सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में कोहली सबसे ऊपर हैं. 20 जून 2011 से कोहली ने इस नंबर पर 53 टेस्ट मैचों में 4958 रन बनाए हैं. इस दौरान 20 सेंचुरी और 11 हाफ सेंचुरी मारी हैं. वहीं दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के रॉस टेलर और तीसरे पर पाकिस्तान के युनिस खान औऱ चौथे पर ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ हैं.
अब मैच के दो दिन निकल चुके हैं और दो दिन के बाद इंडिया इस मैच में ड्राइवर सीट पर है. थैंक्स टू कोहली और रहाणे. उम्मीद कीजिए मैच के तीसरे दिन इंडिया अच्छा स्कोर खड़ा करे क्योंकि यहां इंडिया बिना किसी स्पिनर के यहां खेल रही है और बैटिंग के बूते ही ये मैच जीता जा सकता है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement