The Lallantop

'बमबाज' गुड्डू मुस्लिम यूपी STF के पास जमा है? ADG अमिताभ यश ने क्या बता दिया?

यूपी STF के ADG अमिताभ यश ने लल्लनटॉप को गुड्डू मुस्लिम पर क्या बताया?

Advertisement
post-main-image
यूपी STF के ADG अमिताभ यश ने बताया कि गुड्डू मुस्लिम कॉन्ट्रैक्ट किलर रहा है. (फोटो: यूपी पुलिस ऑफिशियल वेबसाइट और आजतक)

उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) गुड्डू मुस्लिम की तलाश कर रही है. उस पर 24 फरवरी को हुए उमेश पाल हत्याकांड में बमबाजी करने का आरोप है. गुड्डू मुस्लिम हत्या वाले दिन से ही फरार है. तब से इस हत्याकांड के आरोपियों की पुलिस एनकाउंटर या वारदात में मौतें होती रहीं. इस बीच कई बार गुड्डू मुस्लिम के पकड़े जाने की खबरें आईं, लेकिन वे फर्जी निकलीं. इस सिलसिले में लल्लनटॉप ने यूपी STF के ADG (एडिशनल डायरेक्टर जनरल) अमिताभ यश से सवाल किया. ADG ने साफ किया कि 'STF ने गुड्डू मुस्लिम को उठा लिया' ऐसी चर्चाएं सिर्फ अफवाह हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
गुड्डू मुस्लिम के पकड़े जाने की अटकलें

13 अप्रैल को अतीक के बेटे असद और उसके सहयोगी गुलाम की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. उसी दिन गुड्डू मुस्लिम को घेरे जाने की खबरें आई थीं. तब यूपी पुलिस के स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसी अटकलों से इनकार कर दिया था. अगले दिन कई लोगों ने गुड्डू मुस्लिम के गिरफ्तार होने का दावा किया. ये भी गलत जानकारी थी.

अब दी लल्लनटॉप के स्पेशल शो 'बैठकी' में यूपी STF के ADG अमिताभ यश ने बताया है कि STF पूरी ताकत से गुड्डू मुस्लिम की तलाशी में लगी है, लेकिन अभी उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. शो में उनसे गुड्डू मुस्लिम पर लगाई जा रही तमाम अटकलों पर सवाल किया गया. जवाब में अमिताभ यश ने कहा,

Advertisement

“STF कानून के दायरे में काम करने वाली संस्था है. अगर कोई व्यक्ति हमारी गिरफ्त में है, तो हम उसे 24 घंटे के अंदर कोर्ट में प्रोड्यूस करते हैं. ये बात जो आपने सुनी है, पूरी तरह से अफवाह हैं. बहुत सारी मीडिया में इस तरह की बातें प्रचारित हुईं, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाना चाहूंगा कि STF कानून के दायरे में ही काम करती है. STF का यही काम है कि जो अपराधी खतरनाक हैं, माफिया हैं, उनके पीछे लगातार लगी रहे, लेकिन बहुत सारी चीजें मीडिया में कहानियों की तरह फैलाई जाती हैं.”

कितना खूंखार है गुड्डू मुस्लिम? 

गुड्डू मुस्लिम के बारे में यूपी STF के ADG  ने बताया,

"गुड्डू मुस्लिम एक कॉन्ट्रैक्ट किलर है. 1999 में गोरखपुर पुलिस ने उसे नार्कोटिक्स के साथ गिरफ्तार किया था. उस समय उसकी फर्द (यानी उसके पास से बरामद हुई चीजों की रिपोर्ट) मैंने ही बनाई थी. उस केस में मैंने गवाही दी. उसे 10 साल की सजा हुई. इसके बाद अतीक ने अपने वकीलों के माध्यम से उसकी जमानत करा ली. तब से गुड्डू मुस्लिम अतीक गैंग के लिए काम करने लगा."

Advertisement

अमिताभ यश ने बताया कि गुड्डू मुस्लिम एक 'बमबाज' है. ये लोग चलते-फिरते बम बनाने और फेंकने में माहिर होते हैं. उन्होंने बताया कि गुड्डू मुस्लिम दूसरे हथियार, जैसे पिस्टल चलाने में भी माहिर है. ADG के मुताबिक गुड्डू मुस्लिम खुद से ही अपराध करने में सक्षम है, इसलिए वो खतरनाक है और STF पूरी ताकत से उसके पीछे लगी है.

वीडियो: लल्लनटॉप बैठकी: UP STF चीफ़ अमिताभ यश ने अतीक मर्डर, विकास दुबे एनकाउंटर और मुख्तार अंसारी पर क्या बताया?

Advertisement