पुलिस एक आरोपी को पकड़ने उसके घर गई थी. आरोपी मिला नहीं, लेकिन पुलिस की दबिश के बाद उस घर से एक लड़की की लाश मिली. मामला उत्तर प्रदेश के चंदौली का है. यहां सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर गांव में एक जिलाबदर शख्स की तलाश में दबिश देने पहुंची पुलिस पर घर में मौजूद दो लड़कियों को पीटने का आरोप लगा है. आरोप है कि पुलिस की पिटाई से एक लड़की की मौत हो गई.
यूपी में आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर बेटियों को पीटने का आरोप, एक बेटी की मौत
आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज


पूरा मामला क्या है?
पुलिस कन्हैया यादव नाम के शख्स को पकड़ने उसके घर पहुंची थी. कन्हैया पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें गैंगस्टर एक्ट की धाराओं के तहत भी मुकदमा है. कोर्ट ने कन्हैया यादव के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी किया था और पुलिस कन्हैया की तलाश में ही रविवार 1 मई की शाम उसके घर पर दबिश देने गई थी. आरोप है कि इस दौरान घर में मौजूद उसकी दो बेटियों को पीटा गया, जिसमें से एक की मौत हो गई.
इस मामले में पुलिस टीम पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है. साथ ही सैयदराजा थाने के एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है.
परिजनों का आरोप- पुलिस की पिटाई से हुई बेटी की मौत
कन्हैया यादव और उनके परिजनों का आरोप है कि जब पुलिस पहुंची, उस वक्त घर पर निशा और गुंजा नाम की दो बहनें ही मौजूद थी. पुलिस ने दबिश देने के दौरान पूछताछ के नाम पर दो बहनों के साथ मारपीट की. इससे बचने के लिए बड़ी बहन निशा पहली मंजिल पर चली गई. उसके पीछे महिला और पुलिस कॉन्स्टेबल भी गए और उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि इसी दौरान निशा की मौत हो गई और पुलिसकर्मियों ने उसे सुसाइड का रूप देने की कोशिश की. इसके बाद पुलिसकर्मी वहां से चले गए.
मृतका की बहन गुंजा ने पुलिस वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा,
"आज पुलिस आई थी. घर में कोई नहीं था. वो कहने लगे कि तुम लोग गुंडे की बेटी हो और हम लोग तुमको यहां से उठवा कर ले जाएंगे. जब हमने पूछा कि सर, आप लोग ऐसा क्यों कर रहे हैं, तो उन लोगों ने मारना शुरू कर दिया. हमको मारे, फिर दीदी वहां आई और देखी तो दूसरे रूम में भागने लगी, तो उसको भी मारने लगे. मैंने कहा कि सर ऐसा मत करिए उसकी शादी है, क्यों मार रहे हैं? मेरा एग्जाम है. हम लोग क्या किए हैं? उसके बाद वो लोग नीचे से कुर्सी लेकर ऊपर गए. हम पूछे कि सर आप लोग क्या कर रहे हैं. जब हम गए तो देखे कि वो लोग दीदी को मारकर साड़ी से लटका दिए थे."
इस मामले में मृत लड़की का वीडियो और उसकी बहन का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस दौरान पुलिस पर भी हमले की खबर आई.
पुलिस की ओर से क्या कहा गया है?
इस मामले में चंदौली पुलिस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर चंदौली के एसपी अंकुर अग्रवाल ने बयान दिया,
"सैयदराजा में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला का मृत्यु होना पाया जा रहा है. इसमें ये अवगत कराना है कि कन्हैया यादव जो सैयदराजा में गैंगस्टर है, उनका एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) निकला हुआ था. पुलिस अपनी दबिश देने गई, जिसमें महिला फोर्स भी थी और सब-इंस्पेक्टर भी थे. इसका वीडियो भी है. पुलिस उनके घर पर गई, जहां पर कन्हैया यादव नहीं मिले. उसके बाद पुलिस आगे चली गई. शाम के लगभग 6 बजे के आसपास ये वीडियो और ये अवगत कराया गया कि महिला की मृत्यु हो गई है. इसमें एक जांच बैठाई गई है, जिसमें स्पेशल एसपी सदर द्वारा जांच की जाएगी. अगर किसी भी पुलिस की लापरवाही आती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी. प्रथम दृष्टया ये लग रहा है कि जो महिला की मृत्यु हुई है, वो घर के किसी कारण या सुसाइड के कारण हुई है. हालांकि तब भी हम पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के ऊपर इसमें आगे की कार्रवाई करेंगे."
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या पता चला है?
ताजा जानकारी के मुताबिक निशा का पोस्टमॉर्टम हो चुका है और वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक मृतका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण साफ नहीं हुआ है. वहीं रिपोर्ट में चोट के कोई निशान होने की बात नहीं आई है और न ही फांसी की पुष्टि हुई है.
पूरे परिवार के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
आजतक से जुड़े उदय गुप्ता के मुताबिक सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर गांव के रहने वाले कन्हैया यादव बालू के कारोबारी हैं. कन्हैया यादव पर खनन माफियाओं से सांठ-गांठ कर बालू का अवैध कारोबार करने का आरोप लगाया जाता है.
वहीं कन्हैया यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पुलिस उन्हें प्रताड़ित करती रहती है. उन्होंने कहा,
"हमारी यहां पर छोटी सी गिट्टी-बालू की दुकान है. यहां पुलिस हमको प्रताड़ित करती रहती है. 8 महीने से हमारी दुकान बंद करवा दिए हैं. हमारे ऊपर दो मुकदमे थे. हमारे ऊपर गुंडा एक्ट लगा दिए. गुंडा एक्ट लगा कर जिला बदर कर दिया."
न सिर्फ कन्हैया यादव बल्कि उनके पूरे परिवार के सदस्यों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज हैं. कन्हैया यादव के बेटे विजय यादव के खिलाफ गुंडा एक्ट सहित तीन मामले दर्ज हैं. कन्हैया यादव के दूसरे बेटे दीप नारायण यादव के खिलाफ सैयदराजा थाना में यूपी गुंडा एक्ट सहित कुल 3 मामले दर्ज हैं. इतना ही नहीं, कन्हैया यादव की जिस बेटी की मौत हुई है और दूसरी बेटी जिसे पुलिस द्वारा पीटे जाने की बात कही जा रही है. दोनों के खिलाफ सैयदराजा थाने में मामला दर्ज है.






















