The Lallantop

आजम खान पर दो और केस हो गए, गवाहों के घर में गुंडे घुसवाने का आरोप!

"घर में घुसकर मुझे जान से मारने की धमकी दी. मेरी बीवी को गंदी-गंदी गालियां भी दी."

Advertisement
post-main-image
सपा नेता आजम खान (फाइल फोटो: आजतक)

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) के खिलाफ गवाहों को धमकाने के आरोप में बुधवार, 17 अगस्त को दो केस दर्ज किए गए. एक ही दिन में रामपुर (Rampur) के दो अलग-अलग थानों में आजम खान के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई. एक केस कोतवाली थाना और दूसरा गंज पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
आजम खान के खिलाफ गंज पुलिस स्टेशन में केस

आजतक के आमिर खान की रिपोर्ट के मुताबिक, रामपुर के थाना गंज में केस दर्ज कराने वाले डूंगरपुर के अबरार हुसैन ने कहा,

“मैंने 2019 में आजम खान के खिलाफ मुकदमा लिखवाया था, जिसमें मेरी कोर्ट में गवाही चल रही है. कुछ लोग मेरे घर में आए थे, जिसमें इशाद महमूद और अब्दुल परवेज़ शमसी आदि लोग शामिल हैं. इन्होंने घर में घुसकर मुझे जान से मारने की धमकी दी. मेरी बीवी को गंदी-गंदी गालियां भी दी. जब मैं अदालत से गवाही करके आया तो मैंने एफआईआर के लिए थाने में तहरीर दी है. उसके बाद मुझे सुरक्षा मिली है.”

Advertisement
आजम खान के खिलाफ कोतवाली थाने में केस

वहीं आजम खान के खिलाफ नन्हे खान नाम के एक शख्स ने भी कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया है. नन्हे खान ने कहा, 

“मुझे यतीमखाना वक्फ मामले में गवाही देने से रोका जा रहा है.”

नन्हे का आरोप है कि गवाही न देने के लिए आजम खान की ओर से पांच लोगों ने उन्हें उनके घर आकर जान से मारने की धमकी दी. 

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2019 में आजम खान के खिलाफ नन्हे ने यतीमखाना वक्फ से जुड़े मामले में शिकायत दर्ज कराई थी. समाजवादी पार्टी की सरकार के समय यतीमखाना वक्फ की जमीन को खाली कराने के लिए मकानों को तोड़कर जबरन खाली कराया गया था. फिर जब यूपी में बीजेपी की सरकार आई तो 2019 में तत्कालीन सीओ सिटी आले हसन खान सहित आजम खान के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी. इसमें मकान तोड़े जाने से लेकर लूटपाट और जान से मारने की धमकी और आपराधिक षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराएं लगी थीं. उसी मामले में रामपुर के एमपी/एमएलए कोर्ट में गवाही होनी थी. 

आरोप है कि अदालत जाने से पहले ही नन्हे के घर बुधवार, 17 अगस्त की सुबह करीब 9.30 बजे पांच अज्ञात लोग पहुंचे और धमकाते हुए उन्हें गवाही न देने के लिए कहा. 

रामपुर एसपी बोले- जांच चल रही, गवाहों को दी गई सुरक्षा

इस मामले में रामपुर के एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि गवाहों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया,

“आजम खान के खिलाफ एक मामले के गवाहों को कथित रूप से धमकाने के आरोप में रामपुर में सपा विधायक आजम खान और 5 अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.”

उन्होंने बताया कि दो गवाहों ने शिकायत की थी कि उन्हें आजम खान के खिलाफ बयान नहीं देने की धमकी दी जा रही है, जिसके बाद केस दर्ज किया गया और आगे की जांच जारी है. एसपी के मुताबिक शिकायत करने वाले गवाहों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है.  

बता दें कि आजम खान के खिलाफ पहले ही करीब 90 मुकदमे चल रहे हैं. आजम खान इन मुकदमों में जमानत पर रिहा हैं. वे जेल से इस साल मई में 27 महीने बाद जमानत पर रिहा हुए हैं.

वीडियो- सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान को दी बेल, योगी सरकार ने ‘आदतन अपराधी’ बताते हुए किया था विरोध

Advertisement