The Lallantop

6 आमों की वजह से जेल पहुंचे दो आम आदमी, पुलिस ने आम भी धरवा लिए

आम की लड़ाई SDM तक तक पहुंची. सुलह कराने की सब कोशिशें नाकाम रही.

Advertisement
post-main-image
credit: youtube
बाग में आम तोड़ने के बाद दो लोगों में उनका ठीक से बंटवारा नहीं हुआ तो मामला थाने तक पहुंच गया. पुलिस ने दोनों को अरेस्ट करके हवालात में डाल दिया और सारे आम भी जब्त कर लिए. बनारस का किस्सा है. एक हैं रामजी यादव. उनके पड़ोस में रहते हैं, हकीम यादव. दोनों ने एक आम का पेड़ लगाया. उसपर दोनों का बराबर का हक था. फिर पेड़ में फल निकलने लगे. एक दिन रामजी यादव के किसी रिश्तेदार ने पेड़ से 24 आम तोड़े. बंटवारे की बात आई तो उसने हकीम यादव को केवल 6 आम दिए. हकीम यादव भड़क गया. उसको अपने हिस्से के पूरे 12 आम चाहिए थे. खूब कहा-सुनी होने लगी. चार ये सुनाएं तो चौबीस वो. बात बहुत बढ़ गयी. हकीम ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत कर दी. राजातालाब थाने के सब-इंस्पेक्टर दीनदयाल पाण्डेय आये. दोनों की बातें सुनी. लड़ाई सुलझाने के लिए हकीम से बोले. भइया, तुम पेड़ से 6 और आम तोड़ लो. हिसाब बराबर हो जायेगा. हकीम ने एक बात नहीं मानी. उसको वही वाले 6 आम चाहिए थे. जो रामजी के रिश्तेदार ने पहले ही तोड़े थे. दोनों में से कोई भी मानने के लिए तैयार ही नही था. पाण्डेय सिर पकड़ के बैठ गए. SDM त्रिभुवन राम को बुलवाना पड़ा. उन्होंने भी बहुत कोशिश की. बात निपट जाए. छोटा सा तो मामला है. आए दिन ऐसी बातें होती हैं. लेकिन ना रामजी सुनने को तैयार ना हकीम. SDM का दिमाग हुआ खराब. उन्होंने सारे आम अपने लिए रखवा लिए और सब-इंस्पेक्टर पाण्डेय से दोनों को अरेस्ट करने को कहा. दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर दी गयी क्योंकि वो शांति भंग कर रहे थे. अब फिलहाल रामजी यादव और उनके पड़ोसी हकीम यादव 6 आमों की वजह से हवालात में बंद हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement