The Lallantop

कांग्रेसी नेता के इतने बुरे दिन कि 5 हजार में सुपारी ली जा रही है

कांग्रेसी लीडर पर गोली चली थी, जान तो बच गई लेकिन अब ये खुलासा हुआ.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो लोगों को पकड़ा. दोनों बदमाश थे. दोनों ने सुपारी ली थी. सुपारी का पान से कोई संबंध नहीं. सुपारी कांग्रेस नेता की हत्या की ली थी. उन बदमाशों को को उलटाया-पलटाया गया तो कुछ बातें सामने आईं. चौंकाने वाली बात यह निकली कि एक आरोपी ने तो मर्डर के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी ली, लेकिन दूसरा जो था वो सिर्फ 5 हजार रुपये में राजी हो गया था. भाई इत्ते में सस्ता वाला स्मार्ट फोन नहीं आता. वारदात 25 अगस्त को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के नेता संतोष कुमार त्रिपाठी के साथ हुई. उन पर गोली चलाई गई थी. त्रिपाठी उत्तर प्रदेश की एक सीट से विधायकी भी लड़े थे. तब से आरोपी फरार थे. क्राइम ब्रांच को दोनों को तलाश ही रही थी. कि मुखबिर से खबर मिली. डीसीपी भीष्म सिंह की अगुआई में पुलिस ने पकड़ लिया. लालकिले के पास से दोनों पकड़ाए गए हैं. इनके नाम जोगिंदर कुमार और जीतू कुमार है. जोगिंदर पर 100 केस दर्ज हैं.

रिश्तेदार ने इसे भी सताया

आरोपियों से पूछे तो पता लगा कि उनको दशरथ मिश्रा ने सुपारी दी थी. ये आदमी कौन है आप नहीं जानते. लेकिन आगे जो जानेंगे उसे सुनकर आपकी मार्कशीट खौल जाएगी. दशरथ, संतोष त्रिपाठी का रिश्तेदार है. संतोष की ही ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था. उसको पूरे स्टाफ के सामने बेइज्जत करके नौकरी से निकाला था. उसी का बदला लेने के लिए उसने जोगिंदर को संतोष का मर्डर करने के लिए पांच लाख रुपये दिए थे. जोगिंदर ने दिमाग चलाया. पांच हजार रुपये दिए. जीतू को भी साजिश में शामिल कर लिया. जब मारने गए तो जीतू स्कूटर चला रहा था. जोगिंदर ने गोली चलाई. उस हमले में संतोष की जान बाल-बाल बची थी.

Advertisement
Advertisement