तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट की दो अलग-अलग घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई है. 17 अक्टूबर के दिन राज्य की दो बड़ी पटाखा फैक्ट्रियों में एक के बाद एक कई धमाके हुए (Explosion at Firecracker unit in Tamil Nadu). बताया गया है कि इन हादसों में मारे गए 11 लोगों में 9 महिलाएं शामिल हैं. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है. घटना में मरने वालों की संख्या में इज़ाफा होने की आशंका भी जताई जा रही है.
तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्रियों में धमाके, 9 महिलाओं समेत 11 लोगों की मौत
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना में मरने वालों के परिवारों को 3 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है.


पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके से जुड़ी एक घटना तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में पड़ने वाले शिवकाशी की है. वहीं दूसरी घटना जिले के ही कम्मापट्टी गांव की है. घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस द्वारा दी गई है. उसके मुताबिक फैक्ट्री वाली जगह पर मौजूद दुकानों में धमाका उस वक्त हुआ जब वहां सैंपल टेस्टिंग की जा रही थी. फिलहाल बताया जा रहा है कि दुकानों के मालिक के पास लाइसेंस मौजूद था. पुलिस धमाके की जांच कर रही है.
एनडीटीवी में छपी खबर के मुताबिक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना को लेकर शोक व्यक्त किया है. साथ ही उन्होंने घटना में मरने वालों के परिवारों को 3 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा भी की है.
इससे पहले, बीती 9 अक्टूबर के दिन तमिलनाडु के अरियालुर में एक पटाखा यूनिट में धमाका हुआ था. इस घटना में भी तीन महिलाओं सहित 11 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी. हादसे के बाद फैक्ट्री के मालिक राजेंद्रन और उनके दामाद अरुण कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. अधिकारियों ने बताया था कि दिवाली के मद्देनजर, राजेंद्रन ने 30 और श्रमिकों को नियुक्त किया था. ये श्रमिक पटाखों की मांग को पूरा करने के लिए ओवरटाइम काम कर रहे थे.
(ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में पहली बार ट्रेनिंग लेकर मंदिर की पुजारी बनीं महिलाएं, अब PM मोदी से बड़ी मांग)
वीडियो: तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी को ED ने किया अरेस्ट, रोते हुए फोटो वायरल, भड़का विपक्ष





















