The Lallantop

अग्निवीर भर्ती रैली में गए दो सगे भाइयों की एक ही तरह से मौत, दौड़ के बाद बेहोश हो गए थे!

डॉक्टरों ने क्या बताया है?

Advertisement
post-main-image
बैतूल में इलाज के दौरान दोनों भाइयों की मौत हो गई (फोटो: आजतक)

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में दो सगे भाइयों की मौत मिस्ट्री बनी हुई है. दोनों भाइयों ने अलग-अलग दिन भोपाल में हुई अग्निवीर भर्ती (Agniveer Recruitment) रैली में दौड़ लगाई थी. दौड़ लगाने के बाद दोनों भाई बेहोश हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया. और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. दोनों के ही लिवर और किडनी फेल हो गए थे, हार्ट में सूजन भी थी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक के राजेश भाटिया की रिपोर्ट के मुताबिक ये नौजवान बैतूल (Betul) के आमला तहसील के दियामहू गांव के रहने वाले थे. वे पिछले 3-4 साल से सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे. 29 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में अग्निवीर भर्ती रैली थी. बड़े भाई रूपेंद्र यादव ने इस रैली में दौड़ लगाई. लेकिन दौड़ पूरी होने के बाद वे बेहोश हो गए. रूपेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनके परिवार को इसकी सूचना दी गई.

दो सगे भाइयों की चार दिन के अंदर मौत हो गई

बेटे के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना पर प्रयाग राज यादव भोपाल पहुंचे. वहां से उन्होंने बड़े बेटे रूपेंद्र को बैतूल में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया. लेकिन 4 नवंबर को रूपेंद्र की मौत हो गई.

Advertisement

इस बीच 3 नवंबर को रूपेंद्र के छोटे भाई अंकित यादव भी अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने भोपाल गए. रैली में दौड़ लगाने के बाद अंकित भी बेहोश हो गए. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसकी सूचना मिलने पर रिश्तेदार भोपाल पहुंचे और अंकित को भी बैतूल लाकर एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया. लेकिन अंकित यादव की हालत में सुधार नहीं हुआ और 7 नवंबर को अंकित की भी मौत हो गई.

एक जैसे लक्षण के साथ दोनों भाइयों की मौत!

दोनों भाइयों ने अग्निवीर भर्ती रैली में दौड़ लगाई थी. दौड़ के बाद बेहोश हो गए थे और दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई. एक जैसे लक्षण के साथ दोनों भाइयों की मौत पर डॉक्टर भी हैरान हैं. दोनों भाइयों का लिवर और किडनी फेल हो गया था और हार्ट में सूजन थी. डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि किसी स्टैमिना बूस्टर के ओवरडोज के कारण ऐसा न हुआ हो. डॉक्टरों के मुताबिक इस मामले की जांच होनी चाहिए. 

वीडियो- दांत के इलाज के लिए अस्पताल गया था, अखबार पढ़ते-पढ़ते हुए हार्ट अटैक से मौत

Advertisement

Advertisement