‘हम सो नहीं पा रहे हैं… डरावने सपने आते हैं’. ऐसा लिख कर चोरों ने मंदिर से चुराई हुई भगवान की मूर्ति वापस लौटा दी. घटना है उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में चित्रकूट (Chitrakoot) जिले के तरुहा गांव की. वहां स्थित 300 साल पुराने बालाजी मंदिर के एक पुजारी के मुताबिक 9 मई को मंदिर से 14 मूर्तियां चोरी हुई. इनकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार, 16 मई यानी 7 दिन बाद ही चोरों ने 12 मूर्तियां वापस लौटा दी. साथ में एक चिट्ठी मिली.
यूपी : चोरों ने मंदिर में करोड़ों की चोरी की, फिर एक सपना देखा और चोरी का सामान लौटा दिया
300 साल पुराने बालाजी मंदिर के एक पुजारी के मुताबिक 9 मई को मंदिर से 14 मूर्तियां चोरी हुई. इनकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है.


टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक चिट्ठी में चोरों ने अपनी गलती कबूल की और माफी मांगी. पुलिस के मुताबिक चिट्ठी में चोरों ने लिखा-
‘जब से हमने चोरी की है तब से बुरे सपने आ रहे हैं. चैन से सो नहीं पा रहे. खा नहीं पा रहे. ना जी पा रहे हैं. हम डरावने सपनों से तंग आ चुके हैं और आपकी अमानत लौटा रहे हैं.’
सरदार कोतवाली करवी के स्टेशन हाउस ऑफिसर राजीव सिंह ने पीटीआई को बताया-
‘महंत रामबालक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज कराई FIR दर्ज कराई थी. उसके बाद चोरी हुई 16 मूर्तियों में से 14 महंत रामबालक के घर के पास एक बोरे के अंदर टोकरी में मिलीं.’
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में राजीव सिंह ने कहा,
‘बालाजी मंदिर के पुजारी ने बताया कि 9 मई की रात को मंदिर का ताला तोड़कर चोर अष्टधातु से बनी 5 किलो की एक मूर्ति, तांबे से बनी 10 किलो की तीन मूर्तियां, पीतल से बनी 15 किलो की चार मूर्तियां और चांदी के आभूषण चुरा ले गए. हमने अज्ञात चोरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 380 के तहत FIR दर्ज की है.’
खबर है कि महंत ने सभी मूर्तियों को कोतवाली में जमा करा दिया. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
वैसे ये पहली बार नहीं है जब मंदिर से चुराई हुई मूर्तियां चोरों ने लौटाई हो. एबीपी की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसा ही एक मामला हाल ही में कर्नाटक में सामने आया था. वहां एक देवी मंदिर से चोरों ने मूर्ति से आभूषण चुराए और पांच दिन बाद पुजारी को 101 रुपये के साथ सारे जेवर लौटा दिए.
दूसरे मामले में चोर ने बेंगलुरु के तवरेकेरे में श्री सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर का ताला तोड़ा और सामान चोरी करने के बजाय मूर्ति की पूजा कर बाहर निकल गए. घटना सीसीटीवी में कैद हुई.
वीडियो- ज्ञानवापी मस्जिद सर्वे पर वकील विष्णु जैन ने बताया वजूखाने में क्या-क्या मिला?






















