The Lallantop

पिछले 22 साल में आ चुके हैं आठ भयानक भूकंप, तीन ने तो भारत में तबाही मचाई थी

तुर्की और सीरिया में आए भूकंप ने बड़े स्तर पर तबाही मचाई है. सैकड़ों लोगों की जान गई है.

Advertisement
post-main-image
तुर्की में भूकंप (फोटो: आजतक)

तुर्की और सीरिया (Turkey Syria Earthquake) में सोमवार, 6 फरवरी को आए भूकंप में दो हजार से ज्यादा लोगों की जान चली गई है. वहीं 10 हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. पिछले 24 घंटों में तुर्की 3 बार भूकंप से दहला. सबसे पहले 7.8 तीव्रता का भूकंप आया. फिर 24 घंटे के अंदर 7.6 और 6.0 तीव्रता के दो भूकंप और आए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

भूकंप के झटकों से जब-जब धरती हिलती है, तब जानमाल की भारी हानि होती है. लोगों की जान जाती है, कई लोग घायल होते हैं. भारी तबाही को आंकड़ों में दर्ज किया जाता है. आज आपको पिछले 22 साल में आए उन भूकंप के बारे में बताते हैं, जिन्हें 21वीं सदी के सबसे भयानक भूकंप में गिना जाता है.

1. हिंद महासागर भूकंप और सुनामी, 2004
Indian Ocean Earthquake And Tsunami
(फोटो: आजतक)

21वीं सदी में अब तक का सबसे भयानक भूकंप 26 दिसंबर, 2004 को आया था. इस भूकंप का केंद्र हिंद महासागर में था. इसके बाद आई भारी सुनामी में 2,27,898 लोगों की मौत हुई थी. रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 9.1-9.3 थी.

Advertisement
2. हैती, 2010
2010 Haiti earthquake
(फोटो: विकिपीडिया)

12 जनवरी, 2010 को हैती में 7.0 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप का केंद्र हैती की राजधानी और सबसे बड़े शहर पोर्ट-ऑ-प्रिंस से सिर्फ 25 किमी दक्षिण-पश्चिम में था. इस भूकंप के कारण कम से कम 1,60,000 लोग मारे गए थे. कुछ अनुमानों में मरने वालों का आंकड़ा 2 लाख से ज्यादा बताया जाता है.

3. सिचुआन, 2008
2008 Sichuan earthquake
(फोटो: विकिपीडिया)

चीन के सिचुआन प्रांत में 12 मई, 2008 को 7.9 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप का केंद्र 6,60,000 से अधिक की आबादी वाला शहर दुजियान था. इस भूकंप में 87,587 लोगों की जान गई थी. इसमें 5,300 बच्चे भी शामिल थे, जिनमें से कई स्कूल में पढ़ते समय मारे गए थे. लगभग 3,75,000 लोग घायल हुए थे और लाखों लोग बेघर हो गए थे. 

ये भी पढ़ें- जानिए भूकंप के बारे में सब कुछ

Advertisement
4. कश्मीर भूकंप, 2005
2005 Kashmir Earthquake
(फोटो: इंडिया टुडे)

8 अक्टूबर, 2005 की सुबह, उत्तरी पाकिस्तान में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप का केंद्र पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का मुजफ्फराबाद शहर था. इससे भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान प्रभावित हुए थे. इस भूकंप में 87,351 लोगों की मौत हुई थी. हालांकि, कई अनुमानों में 1 लाख से अधिक मौतें होने की बात भी कही जाती है. भारत में इस भूकंप के कारण कम से कम 1,350 मौतें होने की रिपोर्ट थी.

5. बम भूकंप, 2003
2003 Bam earthquake
(फोटो: विकिपीडिया)

26 दिसंबर, 2003 को ईरान के बम शहर में 6.6 की तीव्रता का भूकंप आया था. इसमें 26,271 लोगों की जान गई थी, कई अनुमानों में मरने वालों की संख्या 40 हजार से ज्यादा बताई जाती है.

6. तोहोकू भूकंप और सुनामी, 2011
2011 Tōhoku earthquake and tsunami
(फोटो: विकिपीडिया)

11 मार्च, 2011 को जापान के तोहोकू में 9.1 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप का केंद्र उत्तरी प्रशांत महासागर में था. इस भूकंप से 132 फीट ऊंची लहरों के साथ सुनामी आई थी. इस आपदा में 20,896 लोगों की जान गई थी.

7. गुजरात भूकंप, 2001
Gujarat Earthquake 2001
(फोटो: विकिपीडिया)

26 जनवरी, 2001 को गुजरात में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप का केंद्र भुज था. इस भूकंप के झटके उत्तर पश्चिमी भारत और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए थे. इस भूकंप में 20,085 लोगों की जान गई थी और 1,50,000 से अधिक लोग घायल हुए थे.

8. नेपाल भूकंप, 2015
Nepal Earthquake 2015
(फोटो: विकिपीडिया)

25 अप्रैल, 2015 को नेपाल की राजधानी काठमांडू के पास 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था. इसमें 8,964 लोग मारे गए थे और हजारों लोग घायल हुए थे. 

इसके अलावा भी अलग-अलग देशों की धरती भूकंप के झटके झेलती रही है, जिसमें जानमाल का काफी नुकसान हुआ. साल 2018 में इंडोनेशिया में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 4 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई थी. पिछले साल 2022 में अफगानिस्तान में आए 6.0 तीव्रता वाले भूकंप में 1100 से अधिक मौतें हुई थीं.

वीडियो: तारीख़: उस भूकंप की कहानी जिससे आज तक हैती उबर नहीं पाया!

Advertisement