The Lallantop

तेजिंदर बग्गा बोले- सबूतों के साथ आए पंजाब पुलिस, केजरीवाल के घर के बाहर करेंगे प्रदर्शन

पंजाब पुलिस का आरोप था कि बग्गा को कई बार जांच के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने सहयोग नहीं किया. हालांकि इस दावे को झूठा बताते हुए भाजपा नेता ने कहा उन्हें जितने भी समन जारी किए गए थे, उन सभी का जवाब दिया था.

Advertisement
post-main-image
बाएं से दाएं- तेजिंदर पाल सिंह बग्गा पंजाब पुलिस द्वारा रिहा किए जाने के बाद और अरविंद केजरीवाल (सांकेतिक). फोटो- PTI/इंडिया टुडे

पंजाब पुलिस की हिरासत से छूटने के बाद बीजेपी नेता तेजिंदर बग्गा ने दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि ‘वो रुकेंगे नहीं और अरविंद केजरीवाल से सवाल पूछते रहेंगे.’ तेजिंदर बग्गा (Tajinder Bagga Arrest) को शुक्रवार, 6 मई की सुबह पंजाब पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था. दिल्ली से मोहाली ले जाने के दौरान हरियाणा में पंजाब पुलिस को रोक लिया गया. पूरे दिन हुए नाटकीय घटनाक्रम के बाद बग्गा देर रात दिल्ली में अपने घर पहुंचे थे. यहीं उन्होंने कहा कि वो केजरीवाल के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

केजरीवाल रोक नहीं सकते- बग्गा

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बग्गा अपने दोस्तों के साथ शनिवार तड़के जनकपुरी स्थित अपने घर पहुंचे. यहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा,

मैं केजरीवाल को चैलेंज करता हूं, अगर उन्हें लगता है कि हम सवाल पूछना छोड़ देंगे और अपनी आवाज उठाना बंद कर देंगे. तो बता दें कि हम ये लड़ाई लंड़ेंगे. हम नहीं रुकेंगे. मैं अरविंद केजरीवाल से सवाल करता रहूंगा. न्याय के लिए मेरी लड़ाई जारी रहेगी. अगर केजरीवाल को लगता है कि वो हमें डरा सकते हैं तो वो गलत हैं. वो हमें रोक नहीं सकते हैं, चाहे वो कुछ भी कर लें.

Advertisement

पंजाब पुलिस का आरोप था कि बग्गा को कई बार जांच के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने सहयोग नहीं किया. हालांकि इस दावे को झूठा बताते हुए भाजपा नेता ने कहा उन्हें जितने भी समन जारी किए गए थे, उन सभी का जवाब दिया था.

बग्गा से पूछा गया कि अगर पंजाब पुलिस उन्हें दोबारा गिरफ्तार करने आती है तो वो क्या करेंगे, इसके जवाब में उन्होंने कहा,

पंजाब पुलिस चाहे 100 बार आ जाए, लेकिन पेपर और सबूतों के साथ आए. अरविंद केजरीवाल को कश्मीरी पंडितों पर दिए अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए. वो सबसे बड़े झूठे हैं.

Advertisement

बग्गा ने आगे ये भी कहा कि उनके साथ बीजेपी के सभी नेता हैं. उधर, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए. गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने बग्गा को झूठे केस में फंसाने के लिए पंजाब पुलिस का गलत इस्तेमाल किया है. उन्होंने कहा कि बग्गा ने किसी तरह का कोई अपराध नहीं किया है.

भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया था. उनपर भड़काऊ बयान देने, दुश्मनी को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी देने के आरोप लगे थे. उन्हें दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया था. मोहाली निवासी और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सनी सिंह अहलूवालिया की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था.

बग्गा के वकील ने क्या कहा?

वहीं बग्गा के वकील संकेत गुप्ता ने मीडिया को बताया कि इस पूरे मामले में पंजाब पुलिस का कोई अधिकार नहीं था. पुलिस ने जब उन्हें कस्टडी में लिया, उसके बाद उनके पिता ने दिल्ली पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आगे बताया,

इसके बाद, एक दिल्ली पुलिस की ओर से अर्जी दी गई थी कि अवैध हिरासत का मामला है और हम पीड़ित की तलाश करना चाहते हैं. पीड़ित [बग्गा] की तलाशी ली गई और उसका पता लगा लिया गया.

गुप्ता ने आगे बताया कि मजिस्ट्रेट के सामने पेश होने के पहले, तेजिंदर बग्गा ने दावा किया कि गिरफ्तारी के दौरान उन्हें पीठ और कंधे पर दो चोटें आई हैं. वकील ने आगे बताया,

बग्गा ने ये आशंका भी जताई कि इस तरह की घटना दोबारा हो सकती है. ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने एसएचओ को पीड़िता और शिकायतकर्ता को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने को कहा है.

वकील ने ये भी बताया कि सोमवार, 9 मई को तेजिंदर बग्गा दिल्ली कोर्ट के समक्ष पेश होकर अपना बयान दर्ज कराएंगे.

केजरीवाल के घर के बाहर करेंगे प्रदर्शन

उधर, मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने शनिवार 7 मई, को इस मामले की सुनवाई 10 मई तक के लिए टाल दी. इससे पहले, शुक्रवार को कोर्ट ने पंजाब सरकार के उस अनुरोध को ठुकरा दिया था जिसमें उसने भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की हिरासत दिल्ली पुलिस को नहीं देने और उसे हरियाणा में रखने का अनुरोध किया था. आज (7 मई) को फिर इस मामले की सुनवाई शुरू हुई, लेकिन तुरंत ही कोर्ट ने इसे आगे के लिए टाल दिया.

इसके साथ ही, पंजाब सरकार ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दायर कीं. एक में उन्होंने ये मांग की है कि दिल्ली और हरियाणा पुलिस को इस मामले में पार्टी बनाया जाए. दूसरी याचिका में ये अपील की गई है कि शुक्रवार 6 मई को इस मामले में हरियाणा में जो भी घटनाक्रम हुए हैं, उनके सीसीटीवी फुटेज रिकॉर्ड किए जाएं.

दूसरी तरफ, तेजिंदर बग्गा ने 7 मई को 3 बजे शाम दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है.

Advertisement