The Lallantop

संसद में बहस के दौरान जमकर चले लात-घूसे, स्पीकर की टेबल पर कूदने लगे सांसद, वीडियो वायरल

Taiwan (ताइवान) का मामला है. सांसदों को सरकार के कामों की निगरानी के लिए ज्यादा पॉवर देने से जुड़ा एक प्रस्ताव पेश किया गया. कुछ ही देर बाद मारपीट शुरू हो गई.

Advertisement
post-main-image
एक प्रस्ताव को लेकर हुआ हंगामा (फोटो- इंडिया टुडे)

एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. कुछ लोग एक दूसरे पर लात-घूसे बरसा रहे हैं. धक्का-मुक्की, छीना-झपटी के बीच एक शख्स जान बचाकर भाग रहा है. दूसरे को कुछ लोग मिलकर उठाकर पटक रहे हैं. WWE की रेसलिंग रिंग का खयाल आया होगा. लेकिन वीडियो ताइवान की संसद का है (Taiwan Parliament Fight Video). आपस में बुरी तरह लड़ते लोग वहां के सांसद हैं.

Advertisement

वीडियो 17 मई का बताया जा रहा है. विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांसदों को सरकार के कामों की निगरानी के लिए ज्यादा पॉवर देने से जुड़ा एक प्रस्ताव पेश किया गया. इसमें कथित तौर पर संसद में गलत बयान देने वाले अधिकारियों को अपराधी बनाने की बात कही गई है. प्रस्ताव को लेकर डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (DPP) और कुओमितांग (KMT) के सांसदों के बीच बहस छिड़ी. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि वो आपस में लड़ने लगे.

Advertisement

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में सांसदों के बीच किसी फाइल के लिए छीना-झपटी होती दिख रही है. तभी एक सांसद फाइल लेकर वहां से बाहर भाग जाता है. एक-दूसरे वीडियो में कुछ सांसद स्पीकर की सीट को घेरकर खड़े हुए हैं. कुछ टेबल पर कूद रहे हैं और कुछ अपने सहयोगियों को फर्श पर खींच रहे हैं. बुरी तरह धक्कम बाजी हो रही है. 

बता दें, 20 मई को बिना बहुमत के चुने गए नए राष्ट्रपति लाई चिंग-ते (DPP) पद संभालने वाले हैं. उससे दो दिन पहले संसद में ये विवाद हुआ है. लाई चिंग-ते की पार्टी DPP ने जनवरी में चुनाव जीतने के बावजूद संसद में अपना बहुमत खो दिया था. अब उनकी नई सरकार बनने को लेकर विवाद चल रहा है. 

Advertisement

ये भी पढ़ें- "जब लाल कृष्ण आडवाणी पाकिस्तान का नाम संसद में ले सकते हैं, तो हम फिल्म में क्यों नहीं?"

फिलहाल विपक्ष की KMT के पास DPP से ज्यादा सीटें हैं, लेकिन बहुमत बनाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं और वो तीसरी पार्टी TPP के साथ गठबंधन बनाने की कोशिश कर रही है.

ताइवान में KMT के पास 54, DPP के पास 51 और TPP के पास संसद की कुल 113 में से 8 सीटें हैं. 

वीडियो: राम मंदिर का विरोध करने वालों को सुधांशु त्रिवेदी ने संसद में दिया जवाब, वीडियो वायरल

Advertisement