The Lallantop

मैच के पहले मैथ्यू हेडन का बाबर आजम पर बड़ा बयान - "उसको कुछ दिक्कत हो रही है"

मैथ्यू हेडन ने कहा - "बाबर जल्दी ही कुछ बेहद खास करेंगे.”

Advertisement
post-main-image
(बाएं-दाएं) मैथ्यू हैडन और बाबर आजम. (तस्वीरें- ट्विटर)

पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी सलाहकार मैथ्यू हेडन ने बाबर आजम को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि बाबर आजम अपनी फॉर्म में आने से कुछ ही इंच दूर हैं. उनका मल्लब है बाबर का बल्ला, जल्दी ही करेगा हल्ला. मैथ्यू हेडन का ये बयान T-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची टीमों के लिए चेतावनी जैसा है. न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के अलावा टीम इंडिया भी इनमें शामिल है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं बाबर आजम

दरअसल, पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज बाबर आजम का वक्त ठीक नहीं चल रहा. वजह ये कि उनका बल्ला ठीक से नहीं चल रहा. पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसक उम्मीद कर रहे थे कि ऑस्ट्रेलिया में चल रहे T-20 विश्व कप में बाबर आजम धुआं उड़ा देंगे. लेकिन टूर्नामेंट के पांचों ग्रुप मैचों में आजम की फॉर्म टीम का सबसे बड़ा संकट बनती दिखी. हालत ये है कि इस टूर्नामेंट में बाबर आजम केवल 39 रन बना पाए हैं. वो केवल एक बार दस से ज्यादा रन बना सके. जिम्बाब्वे जैसी टीम के खिलाफ भी उनका स्ट्राइक रेट 75 का रहा जो T-20 फॉर्मैट के हिसाब से काफी खराब है.

हालांकि अब टीम के बैटिंग कन्सल्टेंट मैथ्यू हेडन ने कहा है,

Advertisement

“बेहद खास खिलाड़ी ज्यादा समय तक खराब नहीं खेलते. कोई हैरानी की बात नहीं अगर जल्दी ही बाबर के बल्ले से आतिशबाजी देखने को मिले. इसमें कोई शक नहीं कि बाबर को कुछ दिक्कत हो रही है. लेकिन इससे वो और बेहतर खिलाड़ी बनेंगे. आप लगातार सैकड़े और पचासे नहीं मार सकते, और ना 140 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट बरकरार रख सकते हैं.” 

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने आगे कहा,

“ऐसे लम्हे आते हैं जब सब रुक-सा जाता है. और जैसा हम सब मौसम के बारे में जानते हैं. जब भी उसमें ठहराव आता है तो अक्सर उसके पीछे तूफान होता है. तो दुनिया खबरदार हो जाए, क्योंकि बाबर जल्दी ही कुछ बेहद खास करेंगे.”

Advertisement

वहीं टूर्नामेंट में टीम के अब तक के सफर मैथ्यू हेडन का कहना है,

"ये टूर्नामेंट हमारे लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. लेकिन मुझे इसका पछतावा नहीं. क्योंकि पिछले वर्ल्ड कप में हम बिना हारे सेमीफाइनल तक पहुंचे थे. बाद में ऑस्ट्रेलिया ने हमें हराया था. सो टूर्नामेंट में ये सब चलता रहता है. मुझे हमारे खेल पर पूरा यकीन है जिससे हमारे विरोधी को बहुत बड़ा खतरा है."

दरअसल T20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल तक पहुंचने में किस्मत ने पाकिस्तानी टीम का काफी साथ दिया है. जिम्बाब्वे पर भारत की जीत के बाद उसका टूर्नामेंट से बाहर होना तय माना जा रहा था. लेकिन नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को पटखनी देकर ऐसा उलटफेर किया कि मुंह फुलाए बैठे पाकिस्तानी क्रिकेट फैन्स की बत्तीसी खुल गई. नीदरलैंड की जीत पाकिस्तान के लिए संजीवनी साबित हुई. उसके बाद उसने अंतिम सुपर 12 मैच में बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल का रास्ता साफ कर दिया. बुधवार, 9 नवंबर यानी आज पहले सेमीफाइनल मैच में पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड से है.

पाकिस्तान के सेमीफाइनल में एंटर करते ही बाबर आजम की ये स्पीच जमकर वायरल हुई

Advertisement