The Lallantop

बिहार: परीक्षा में नकल करने से रोका, छात्र अधिकारी पर लाठी-डंडा ले टूट पड़े

अधिकारी की एक आंख सूजकर पूरी तरह बंद हो गई है. दूसरी आधी खुल रही है.

Advertisement
post-main-image
(फोटो- आजतक)

छात्रों के टीचरों को पीट देने के मामले बढ़ते जा रहे हैं. कभी परीक्षा में फेल होने, तो कभी कम नंबर मिलने पर छात्र इतना उग्र हो जाते हैं कि टीचरों को दोषी मानकर उनसे मारपीट पर उतारू हो रहे हैं. आलम ये है कि एग्जाम में कोई टीचर, शिक्षा अधिकारी या अन्य पदाधिकारी नकल ना करने दे तो उसकी सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है. बिहार के बांका में ऐसा मामला सामने आया है. यहां कुछ छात्रों पर आरोप है कि परीक्षा में नकल करने से रोकने पर उन्होंने एग्जामिनर को बुरी तरह मारा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
नकल नहीं करने देने पर एग्जामिनर की पिटाई

एग्जाम में चीटिंग का ये मामला बांका जिले के बाराहाट इलाके का है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, 6 फरवरी को यहां के डॉक्टर हरिहर चौधरी स्कूल में इंटर के बच्चों का एग्जाम चल रहा था. उसमें पंकज कुमार जायसवाल की बतौर पर्यवेक्षक ड्यूटी लगी थी. उन्होंने एग्जाम के दौरान कुछ छात्रों को नकल करने से रोका था. रिपोर्ट के मुताबिक जब दूसरी शिफ्ट की परीक्षा खत्म हुई तो गेट के बाहर 10-15 छात्रों ने पंकज कुमार को घेर लिया. उन्हें लाठी-डंडों से खूब पीटा और फरार हो गए.

Advertisement
लाठी-डंडा लिए तैयार खड़े थे छात्र

मारपीट के चलते पंकज कुमार का चेहरा काफी चोटिल हुआ है. उनकी दोनों आंखें सूज गईं. पंकज कुमार ने बताया कि शाम करीब 5 बजे दूसरी शिफ्ट का एग्जाम खत्म होने के बाद सभी पुलिसकर्मी और शिक्षक अपने घर चले गए. बोले, 

“मुझे सूचना मिली कि गेट पर कुछ छात्र लाठी-डंडा लिए खड़े हैं. मैं कुछ लोगों के साथ गेट पर गया तो देखा कि वहां जयपुर कटोरिया के राजुल अंसारी अपने दोस्तों के साथ खड़ा था. मैंने छात्रों को वहां से जाने के लिए कहा तो सबने मेरे ऊपर हमला कर दिया.”

उन्होंने कहा,

Advertisement

"छात्रों ने मेरे सिर पर डंडे से जोरदार हमला कर दिया, जिससे मैं गंभीर रूप से घायल हो गया. सूजन की वजह से मेरी एक आंख पूरी तरह बंद हो गई है और एक आधी ही खुल रही है. मैंने खुद ही एंबुलेंस को कॉल किया और बाराहाट थाने में FIR दर्ज कराई."

पंकज को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया था.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले की जांच के लिए दो थानों की टीम गठित की गई है. बांका के एसडीपीओ बिपिन बिहारी ने बताया कि आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है.

वीडियो: बिहार के IAS केके पाठक का वीडियो वायरल, अधिकारी और लोगों को गाली देने का आरोप!

Advertisement